Usal Poha Recipe: इंदौर का झन्नाटेदार उसल पोहा बनाने के लिए फाॅलो करें ये रेसिपी, घर पर मिलेगा इंदौरी ज़ायका...

Usal Poha Recipe: तीखे के शौकीनों के लिए परफेक्ट रैसिपी है इंदौर का झन्नाटेदार उसल पोहा। असल में ये रिकाॅर्डतोड़ तीखा होता है। इसे खाना मतलब बिना दुखी हुए आंसू बहाना। पहली बार ट्राई करने वाले तो पूरी प्लेट खा भी नहीं पाते और जो साहसी खा लेते हैं वे जलेबी, लड्डू ढूंढते फिरते हैं। अब घर में बनाएंगे तो इतना तीखा तो नहीं ही बनाएंगे, आखिर बच्चों को भी स्वाद चखवाना है। तो चलिए इंदौर के अंदाज़ में बनाते हैं उसल पोहा। पोहा तो अपने मन मुताबिक बना लीजिए। उसल कैसे बनाना है यहां जान लीजिए।
उसल बनाने के लिए हमें चाहिए
- अंकुरित मोठ - 1 कप
- लाल मिर्च - 1 टी स्पून
- धनिया पाउडर - 2 टी स्पून
- गरम मसाला - 1 टी स्पून
- हल्दी - 1/4 टी स्पून
- राई-1 टी स्पून
- जीरा-1 टी स्पून
- बड़ी इलायची - 1
- लौंग-3
- काली मिर्च - 4-5
- हरी मिर्च - 4, बारीक कटी
- लहसुन-4 कली, बारीक कटी
- अदरक - 1इंच का टुकड़ा, बारीक कटा
- प्याज- 1, बारीक कटा
- टमाटर - 1, बड़े आकार का, बारीक कटा
- नमक - स्वादानुसार
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर-1 टेबल स्पून
- तेल - 3 टेबल स्पून
सर्व करने के लिए
- तैयार पोहा- चार छोटी प्लेट
- दही- 1 कटोरी
- भुना जीरा पाउडर-1 टी स्पून
- प्याज- 1 बारीक कटा
- हरा धनिया - 3-4 टेबल स्पून
- लौंग/रतलामी/नायलोन सेव
- नींबू-1
उसल पोहा ऐसे बनाएं
1. एक कड़ाही में एक टेबल स्पून तेल गर्म करें। इसमें जीरा, बड़ी इलायची, लौंग और काली मिर्च का तड़का दें। साथ ही हरी मिर्च, लहसुन-अदरख भी डालें। हल्का सा भूनें और प्याज एड करें।अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर,लाल मिर्च पाउडर डाल दें। अच्छे से भूनें और गैस बंद कर दें।
2. जब मसाला अच्छे से ठंडा हो जाए तो इसे ग्राइंडर में पीस लें। अब कड़ाही में एक टेबल स्पून तेल गर्म कर राई का तड़का दें। इसमें प्याज का पिसा हुआ मसाला डालें और कुछ सेकंड भूनें और तत्काल कटे टमाटर डाल दें।
3. टमाटर नर्म होने तक पकाएं। इसमें गरम मसाला एड कर के कुछ सेकंड भूनें। अब इसमें अंकुरित मोठ डालें और चलाएं। दो से ढाई कप पानी डालें और इसे नरम होने तक मसालों के साथ उबलने दें ताकि शानदार फ्लेवर मिल सकें।
4. एक तड़का पैन में एक टेबल स्पून तेल गर्म करें।इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर का तड़का दें और तैयार मोठ में पलट दें। आपका झन्नाटेदार तरी वाला उसल तैयार है। चलिए अब इसकी प्लेटिंग करते हैं।
5. तैयार पोहे को चार प्लेटों में निकालें। ऊपर से तैयार उसल डालें। अब हर प्लेट में दही, भुना हुआ जीरा पाउडर, बारीक कटा प्याज, बारीक कटा हरा धनिया और मनपसंद सेव डालें। आखिर में नींबू का रस डालकर गर्मागर्म उसल पोहे सर्व करें। पूरी रेसिपी में आप अपने परिवार के स्वादानुसार मिर्च या खड़े मसाले कम कर सकते हैं।

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।
-
Home
-
Menu
