Makke Ke Atte ka Dhokla Recipe: मक्के के आटे और दानों से बनाइए एकदम नए स्वाद का और बहुत हेल्दी ढोकला, सीखिए रेसिपी...

Makke Ke Atte ka Dhokla Recipe: आमतौर पर ढोकला बनाने के लिए बेसन या सूजी का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन हम आज आपके साथ एक नए स्वाद के ढोकले की रेसिपी शेयर कर रहे हैं। यह है मक्के के आटे का ढोकला। मक्के का आटा सर्दियों में खास तौर पर खाया जाता है। इसके फायदे भी बहुत हैं। एक तो यह ग्लूटेन फ्री है, आयरन से भरपूर है। हड्डियों को मजबूत बनाता है। इसमें भरपूर विटामिन ए है जो आंखों को स्वस्थ रखता है। यह आसानी से पच भी जाता है। इसके और भी बहुत से फायदे हैं जो सारे के सारे आपको मक्के के ढोकले में मिलेंगे। तो चलिए इस लैस ऑयल रेसिपी मक्के के ढोकले को बनाने की तैयारी करते हैं।
मक्के का ढोकला बनाने के लिए हमें चाहिए
- मक्के का आटा-1 कप
- सूजी-1/4 कप
- मक्के के दाने-1/4 कप
- दही-1/2 कप
- शक्कर - 1 टेबल स्पून
- नींबू का रस-2 टेबल स्पून
- हल्दी-1/2 टी स्पून
- अदरख का पेस्ट - 1 टी स्पून
- हरी मिर्च - 1/2 टी स्पून, बारीक कटी
- नमक-स्वादानुसार
- तेल-1 टेबल स्पून
- फ्रूट साॅल्ट - 1.5 टी स्पून
- गरम पानी - 2/3 कप
टेंपरिंग के लिए
- तेल-1 टेबल स्पून
- करी पत्ते - मुट्ठी भर
- राई-1/2 टी स्पून
- तिल-1टी स्पून
- पानी - 2 टेबल स्पून
- नींबू का रस-1 टी स्पून
- हरा धनिया- 2 टी स्पून, बारीक कटा
- किसा नारियल - सजाने के लिए
मक्के के आटे का ढोकला ऐसे बनाएं
1. सबसे पहले मक्के का आटा, सूजी, दही और गर्म पानी को अच्छी तरह मिक्स करें और इसे ढंक कर आधे घंटे के लिये छोड़ दें।
2. अब इसमें मक्के के दाने, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, शक्कर,नींबू का रस, तेल ,हल्दी और नमक मिक्स करें।
3. जिस बर्तन में आपको ढोकला तैयार करना है उसे हल्के से तेल से ग्रीस करें।
4. अब ढोकले के मिश्रण में फ्रूट साॅल्ट ऐड करें और जरा सा पानी डालें और अच्छे से मिलाएं।
5. अब प्रेशर कुकर में थोड़ा पानी डालें और एक स्टैंड रखें। उसके ऊपर ढोकले का बर्तन रखें। कुकर का ढक्कन लगा दें लेकिन उसकी सीटी हटा दें। ढोकले को कम से कम 20 मिनट के लिए लो टू मीडियम फ्लेम पर पकाएं। एक चाकू या टूथपिक से चेक करें कि ढोकला पक गया है या नहीं। अगर टूथपिक साफ बाहर निकल आती है तो इसका मतलब है कि आपका ढोकला तैयार है। इसे कुकर से निकाल कर रूम टेंपरेचर पर ठंडा होने के लिये रखें।
6. अब ढोकले के लिए टेंपरिंग तैयार कर लेते हैं। इसके लिए एक पेन में तेल गर्म करें । इसमें राई का तड़का दें। अब करी पत्ता, तिल और पानी ऐड करें। इसके बाद नींबू का रस डालें और एक उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें।
7. ढोकला ठंडा हो गया है, उसे डिमोल्ड करें। और उसके ऊपर टेंपरिंग फैला दें। साथ ही इसे बारीक कटी हरी धनिया और किसे हुए नारियल से सजा दें। आपका मक्के का ढोकला बनकर तैयार है। जब यह टेंपरिंग को सोख लेता है तब इसे अपने मनचाहे आकार में काटे और मनपसंद चटनी या केचप के साथ इसका मज़ा लें।
-
Home
-
Menu
