Dahi Wale Aloo Recipe: मनपसंद सब्जी नहीं हैं? चुटकियों में बनाइए दही वाले आलू, पढ़िए रेसिपी...

Dahi Wale Aloo Recipe: गर्मियों के मौसम में दही हमारी रोज़ की थाली का एक जरूरी हिस्सा बन जाता है। इसकी एक खास वजह यह है कि इस मौसम में सब्जियां उतना स्वाद नहीं देती और पाचन भी थोड़ा गड़बड़ होता रहता है जो दही-छाछ के सेवन से संभल जाता है। इसके अलावा दही के पोषक गुण जहां शरीर को तरावट देते हैं, वहीं इसका हल्का-सा खट्टा स्वाद सबकी जुबान को खुश कर जाता है। तो सबके फेवरेट दही के साथ आज बनाते हैं आलू की एक ऐसी रेसिपी, जो सब्जी की कमी को भी पूरा करेगी, स्वाद भी बढ़ाएगी और भूख तो इतनी जगाएगी कि पूछिए ही मत। इसे बनाना भी बेहद आसान है। तो चलिए, बनाते हैं दही वाले आलू।
दही वाले आलू बनाने के लिए हमें चाहिए
- दही- 2 कटोरी
- उबले हुए आलू- 2 मीडियम साइज़ के
- हरी मिर्च- 2 बारीक कटी हुई
- नमक- स्वादानुसार
- भुना हुआ जीरा पाउडर- 1/4 चम्मच
- काला नमक- 2 चुटकी
- चिली फ्लेक्स- स्वादानुसार
- राई- आधा चम्मच
- कढ़ी पत्ता- 5/6
- हरा धनिया- 2 चम्मच
- तेल- 2 छोटे चम्मच
दही वाले आलू ऐसे बनाएं
1. सबसे पहले आलुओं को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लीजिए। अब एक बड़े कटोरे में दही फेंट लें और आलू के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला लें।
2. अब कड़ाही में तेल गर्म करें और राई तड़काएं। इसमें तुरंत ही कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च डाल दें।अब गैस बंद कर दें और बहुत फुर्ती से इस बघार को दही वाले मिश्रण पर पलट दें।
3. अब बाकी बताए हुए सारे मसाले दही वाले आलू में अच्छी तरह मिलाएं और बारीक कटे हरे धनिए से गार्निश करें। गरमागरम रोटी, पराठों के अलावा जीरा राइस के साथ भी दही वाले आलू बहुत बढ़िया लगते हैं।

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।
-
Home
-
Menu
