Bombay Ice Halwa Recipe: क्या कभी आपने 'आइस हलवा' खाया है? ये है मुंबई की फेमस मिठाई, जानिए आसान रेसिपी...
Bombay Ice Halwa Recipe: क्या कभी आपने 'आइस हलवा' खाया है? ये है मुंबई की फेमस मिठाई, जानिए आसान रेसिपी...

Bombay Ice Halwa Recipe: 'बाॅम्बे आइस हलवा' मुंबई की बहुत फेमस मिठाई है। अपनी तरह की इस अनोखी मिठाई को बनाना बहुत आसान है। बस आपको थोड़े से धैर्य की ज़रूरत है। गिनती के इंग्रीडिएंट्स से बनने वाला 'बाॅम्बे आइस हलवा' बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बहुत पसंद आता है। और भले ही इसके नाम में हलवा शब्द का इस्तेमाल किया गया है लेकिन है ये एकदम पतली बर्फी या मिठास भरी पट्टी की तरह की मिठाई जिसे स्टोर करके रखना आसान है। आप किसी त्योहार पर भी इसे बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।
बाॅम्बे आइस हलवा बनाने के लिए हमें चाहिए
- दूध-1 कप
- घी-1 कप
- मैदा-1 कप
- शक्कर-डेढ़ कप
- बादाम कतरन-सजाने के लिए
बाॅम्बे आइस हलवा ऐसे बनाएं
1. सबसे पहले एक हैवी बाॅटम पैन में दूध, पिघला हुआ घी, मैदा और शक्कर इकट्ठा करें।
2. अब इसे एकदम धीमी आंच पर पकाना शुरू करें।
3. आपको इसे लगातार चलाते हुए पकाना है जिससे ये पैन के तले में न चिपके।
4. इसे धैर्य के साथ करीब 15 मिनट चलाते हुए पकाएं जिससे मैदा अच्छी तरह पके और शुगर को बढ़िया कैरेमल जैसा फ्लेवर मिले।
5. इतनी देर में मिश्रण पैन के किनारे छोड़ने लगेगा, इकट्ठा होने लगेगा और थोड़ा थिक भी हो जाएगा। अब आंच बंद कर दें।
6. अब एक बटर पेपर को ग्रीस करें और इसके ऊपर यह मिश्रण पलट दें। इसे एक मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें और फिर दूसरे बटर पेपर से इसे कवर करें। अब इसे ऊपर से ही बेल लें। अगर आपका मिश्रण अच्छी तरह पका होगा तो यह आसानी से बिल जाएगा।
7. अब ऊपर का पेपर हटा दें और इस पर ड्राईफ्रूट्स कतरन डालकर सीधे ही काफी पतला बेल लें।
8. यह बहुत जल्दी सैट हो जाता है। जब यह सैट हो जाए इसपर अपने मनपसंद आकार में कट लगा लें। फिर कुछ देर बाद सावधानीपूर्वक इसके पीस अलग कर लें। आपका बाॅम्बे आइस हलवा बन कर तैयार है। इसका स्वाद लें।