Aloo-Corn Flour Pakauda Recipe: इस बार बेसन की जगह काॅर्नफ्लोर के साथ अलीगढ़ के अंदाज़ में बनाइए आलू पकौड़े, ज़ुबां को याद रह जाएगा स्वाद

Aloo-Corn Flour Pakauda Recipe: आलू के पकौड़े तो सभी घरों में बनते हैं जिसे बनाने के लिए बेसन का इस्तेमाल होता है। लेकिन आपको जरा हटकर स्वाद चाहिए हो तो इस बार आलू के पकौड़े अलीगढ़ स्टाइल में बनाइये। अलीगढ़ में आलू के ये पकौड़े रोड साइड स्टाॅल्स में बहुत शौक से खाए जाते हैं। इन्हें बनाने में बेसन के बजाय कॉर्नफ्लोर का इस्तेमाल होता है। आप भी एक बार कॉर्न फ्लोर वाले आलू के पकौड़े बनाकर जरूर देखिए। आपको एक नया ही स्वाद मिलेगा। जबरदस्त क्रंची और टेस्टी अलीगढ़ स्टाइल आलू के पकौड़े आपको जरूर पसंद आएंगे। चलिए जानते हैं इनकी रेसिपी।
आलू- कॉर्न फ्लोर पकौड़ा बनाने के लिए हमें चाहिए
- आलू-3-4
- काॅर्नफ्लोर-2 कटोरी
- मैदा-1/4 कटोरी
- नमक-स्वादानुसार
- मिर्च पाउडर-1 /2 टी स्पून
- चिली फ्लेक्स-1 टी स्पून
- चाट मसाला - 1/2 टी स्पून
- काली मिर्च पाउडर - 1/4 टी स्पून
- हरा धनिया - 2 टेबल स्पून, बारीक कटा
- हरी मिर्च-3,बारीक कटी
- तेल-तलने के लिए
आलू कॉर्न फ्लोर पकौड़ा ऐसे बनाए
1. सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धो लें और इसे बिना छीले ही लंबे टुकड़ों में काट लें। हम इन पर तीन चौथाई कटोरी कॉर्नफ्लोर छिड़कें और आलुओं को इससे अच्छी तरह कोट कर लें।
2. अब एक कटोरे में बाकी का कॉर्न फ्लोर लें। उसमें मैदा,नमक,लाल मिर्च पाउडर, चिली फ्लेक्स, चाट मसाला, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर, बारीक कटा धनिया और हरी मिर्च डालें।
3. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसका घोल बना लें। घोल एकदम पतला भी नहीं होना चाहिए और ना ही गाढ़ा होना चाहिए।
4. अब कड़ाही में तेल गर्म करें ।कॉर्न फ्लोर लगे आलुओं को बैटर में डुबोएं और एक-एक करके तेल में छोड़ते जाएं। कुछ देर के लिए इन्हें ऐसे ही छोड़ दें। फिर उलट-पलट के बढ़िया रंगत आने और क्रंची होने तक तलें।
5. आपके अलीगढ़ स्टाइल आलू के पकौड़े तैयार हैं। इन्हें पेपर नैपकिन लगी हुई प्लेट पर निकालें और कैचप या चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
-
Home
-
Menu
