मुंबई 21 जुलाई 2021. शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अश्लील फिल्में बनाने के आरोपों के बाद राज कुंद्रा पर मॉडल और एक्ट्रेस ने कई आरोप लगाए हैं। वहीं, दूसरी तरफ कंगना रनौत ने राज कुंद्रा के बहाने बॉलीवुड को आड़े हाथों लिया है। जानिए बॉलीवुड की आज की बड़ी खबरें।
राज कुंद्रा पर मॉडल सागरिका शोना सुमन ने कई आरोप लगाए थे। अब उनका एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में सागरिका कह रही हैं, ‘ये मेरा आज तक का सबसे बुरा एक्सपीरियंस था। मुझे न्यूड होकर वीडियो कॉल पर ऑडिशन देने के लिए कहा गया। कॉल पर राज कुंद्रा के असिस्टेंट उमेश कमात थे।’ सागरिका ने शोना सुमन आईपीसी, आईटी एक्ट और इनडिसेंट रिप्रिजंटेशन ऑफ वुमन एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया था।
राज कुंद्रा मामले में कंगना रनौत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना रनौत ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक नोट शेयर किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि, ‘इस कारण ही मैं फिल्म इंडस्ट्री को गटर कहती हूं। हर चमकने वाली चीज सोना नहीं होती। मैं अपनी अपकमिंग प्रोडक्शन फिल्म टीकू वेड्स शेरू में इस इंडस्ट्री की कई छिपी हुई बातों को खोलने जा रही हूं। हमें इस क्रिएटिव इंडस्ट्री में एक मजबूत वैल्यू सिस्टम की जरूरत है।’