बड़ी खबर: पड़ोसी राज्य झारखंड में भी मुख्य सचिव बदले, IAS अविनाश कुमार बनाये गए नए चीफ सेक्रेटरी, अधिसूचना जारी
झारखंड सरकार ने आज बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है...

Senior IAS Avinash Kumar
रांची। झारखंड सरकार ने आज प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। वरिष्ठ IAS अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। अविनाश कुमार 1993 बैच के अधिकारी हैं और अब तक ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे।
इसके अलावा वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और झारखंड भवन नई दिल्ली के मुख्य स्थानिक आयुक्त जैसे कई अहम पदों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, मुख्य सचिव बनने के बाद भी अविनाश कुमार मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और मुख्य स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे। यह नियुक्ति झारखंड प्रशासन में एक अहम कदम माना जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, 1995 बैच के IAS अधिकारी अजय कुमार सिंह को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। अजय कुमार सिंह वर्तमान में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। अब उन्हें विकास आयुक्त, झारखंड, रांची का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यानी अब वे दोहरी भूमिका निभाएंगे।
इस बदलाव से झारखंड प्रशासन में नई ऊर्जा और दिशा की उम्मीद की जा रही है। अविनाश कुमार की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि वे एक अनुभवी और कुशल अधिकारी माने जाते हैं। अब देखना होगा कि उनके नेतृत्व में राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में क्या नए बदलाव आते हैं।
