
नईदिल्ली 16 मार्च 2020।. कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच क्रिकेटर इशांत शर्मा ने एक फोटो शेयर की है। इशांत ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि वो खुद को लोगों से अलग कर रहे हैं। इस फोटो में इशांत किसी बीच पर खड़े नजर आ रहे हैं। इससे पहले क्रिकेटर मयंक अग्रवाल भी ऐसे ही कैप्शन के साथ फोटो शेयर कर चुके हैं। इशांत एड़ी की चोट से जूझ रहे हैं और हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच से इसी चोट के चलते बाहर हो गए थे।
इशांत ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘मयंक अग्रवाल और रजल अरोड़ा का अनुसरण करते हुए। इस समय आप सबसे अलग हो जाइये और लोगों से दूर रहिए, बदलाव बनिए।’ इससे पहले मयंक अग्रवाल ने भी ऐसी ही फोटो शेयर करते हुए कुछ ऐसा ही कैप्शन लिखा था। कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। दुनिया भर में 170,000 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 6500 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में कोरोना वायसर संक्रमण के बढ़ते हुए मामलों के बाद इंडियन प्रीमियर लीग को 15 अप्रैल तक स्थगित करने का फैसला लिया था।
