नोटों के पहाड़ के बीच गजब का बोनस: बॉस बोला- जितना गिन सको, सब तुम्हारा...वीडियो हो रहा जमकर वायरल 

नोटों के पहाड़ के बीच गजब का बोनस: बॉस बोला- जितना गिन सको, सब तुम्हारा...वीडियो हो रहा जमकर वायरल 
X

नोटों के पहाड़ के बीच गजब का बोनस: बॉस बोला- जितना गिन सको, सब तुम्हारा...वीडियो हो रहा जमकर वायरल 

Henan Kuangshan Crane Bonus : चीन की एक कंपनी ने अपने 7 हजार कर्मचारियों के लिए बोनस बांटने का ऐसा अनोखा तरीका निकाला है कि पूरी दुनिया दंग रह गई है. हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी के मालिक ने सालाना जलसे में नोटों का पहाड़ खड़ा कर दिया और कर्मचारियों के सामने शर्त रख दी कि एक तय समय के भीतर वो जितनी नकदी सही-सही गिन लेंगे, वह पूरी रकम उनकी हो जाएगी. इस कैश चैलेंज के जरिए कंपनी ने अपने मुनाफे का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा यानी 180 मिलियन युआन सीधे अपने कर्मचारियों की झोली में डाल दिया है.

China Company Cash Bonus News : चीन : क्या आपने कभी ऐसी नौकरी के बारे में सुना है जहां बोनस में चेक या बैंक ट्रांसफर नहीं, बल्कि नोटों की गड्डियां दी जाती हों. और शर्त ये हो कि एक तय समय में आप जितने नोट गिन लेंगे, वो सब आपके हो जाएंगे. चीन की एक कंपनी ने अपने सालाना जलसे में कुछ ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में टेबल पर नोटों के ऊंचे-ऊंचे ढेर नजर आ रहे हैं और कर्मचारी पागलों की तरह उन्हें गिनने में जुटे हैं.

7 हजार कर्मचारियों के सामने बिछाया कैश पहाड़

चीन के हेनान प्रांत की एक मशहूर क्रेन बनाने वाली कंपनी हेनान कुआंगशान क्रेन ने अपने 7,000 कर्मचारियों के लिए एक भव्य समारोह आयोजित किया. इस दौरान कंपनी ने 180 मिलियन युआन का नकद बोनस बांटने का ऐलान किया. कंपनी ने हॉल में 800 से ज्यादा खाने की मेजें सजाईं और मंच पर नोटों की ऐसी दीवार खड़ी कर दी कि देखने वालों की आंखें फटी रह गईं.


गिनती का अनोखा मुकाबला जो गिना वो पाया

बोनस बांटने का तरीका बेहद फिल्मी और रोमांचक था. कर्मचारियों को मंच पर बुलाया गया और उनके सामने नोटों के बंडल रख दिए गए. उन्हें एक निश्चित समय दिया गया और कहा गया कि इस दौरान वो जितनी रकम सही-सही गिन लेंगे, वह पूरी की पूरी उनकी हो जाएगी. समय खत्म होने के बाद जो नोट गिने जा चुके थे, उन्हें झोले में भरकर कर्मचारी अपने घर ले गए. इस पूरी प्रक्रिया का लाइव टेलीकास्ट भी किया गया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए कि आखिर कोई बॉस इतना दरियादिल कैसे हो सकता है.

मुनाफे का 70 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों के नाम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2025 में इस कंपनी ने जबरदस्त तरक्की की और करीब 270 मिलियन युआन का शुद्ध मुनाफा कमाया. कंपनी के मालिक कुई पीजुन ने तय किया कि इस मुनाफे का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा उन लोगों को दिया जाएगा जिनकी मेहनत से यह मुकाम हासिल हुआ है. मालिक का मानना है कि आज के युवा कर्मचारी कार लोन और घर की किश्तों के बोझ तले दबे रहते हैं, ऐसे में यह नकद बोनस उन्हें मानसिक और आर्थिक मदद देगा.

सिर्फ कैश ही नहीं सम्मान भी

यह पहली बार नहीं है जब इस कंपनी ने ऐसा किया हो. यह कंपनी हर साल अपने मुनाफे का एक बड़ा हिस्सा इसी तरह नकद बांटती है. कंपनी के मालिक के पास 98 प्रतिशत से ज्यादा शेयर हैं, फिर भी वो अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कर्मचारियों की भलाई में लगा देते हैं. पहले कंपनी सोने के हार और अंगूठियां देती थी, लेकिन अब कर्मचारियों की जरूरतों को देखते हुए सीधे कैश देने की परंपरा शुरू की गई है. सोशल मीडिया पर लोग इस कंपनी को दुनिया का सबसे अच्छा वर्कप्लेस बता रहे हैं.

हेनान कुआंगशान क्रेन क्या है

हेनान कुआंगशान क्रेन चीन की एक बहुत बड़ी और मशहूर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, जो मुख्य रूप से भारी-भरकम क्रेन और उससे जुड़े लोहे के बड़े उपकरण बनाती है. साल 2002 में शुरू हुई यह कंपनी आज दुनिया के 130 से ज्यादा देशों में अपना सामान बेचती है और इसमें करीब 7,000 कर्मचारी काम करते हैं. यह कंपनी अपने कारोबार से कहीं ज्यादा अपने अनोखे बोनस देने के अंदाज के लिए चर्चा में रहती है, क्योंकि इसके मालिक कुई पीजुन अपने मुनाफे का एक बहुत बड़ा हिस्सा सीधे कर्मचारियों की झोली में डाल देते हैं.

Tags

Next Story