डीपीआई से जारी हुआ वेटेज एवं समयमान वेतन देने का निर्देश….तो DEO ने भी जारी करना शुरू किया आदेश…. लेकिन क्या सच में मिलेगा लाभ !… जिनके पत्र के संदर्भ में जारी हुआ यह निर्देश , उस सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया – आखिर क्या है यह आदेश

रायपुर 14 जुलाई 2021। पिछले 2 दिनों से सोशल मीडिया में एक आदेश जमकर वायरल हो रहा है और चारों तरफ इसी के चर्चे हैं यह आदेश है लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक का, जिसमें संविलियन किए गए शिक्षक एलबी संवर्ग को समयमान वेतनमान और वेटेज लाभ देते हुए वेतन भुगतान किए जाने हेतु निर्देशित किया गया है । इस पत्र के बाद दुर्ग और नारायणपुर के जिला शिक्षा अधिकारियों ने भी प्राचार्य और विकास खंड शिक्षा अधिकारियों को इसके संबंध में आदेश जारी करते हुए निर्देशित किया है कि इस आदेश का पालन करें और शिक्षकों को लाभ प्रदान कर कार्यालय को अवगत कराएं ।
राज्य कार्यालय से जारी हुए पत्र के प्रतिलिपि में प्रदेश अध्यक्ष, सर्व शिक्षक संघ का जिक्र है और उन्हीं के पत्र के आधार पर यह कार्यवाही शुरू हुई है ऐसे में हमने सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे से बात की तो उन्होंने बताया कि
” इस आदेश से फिलहाल सीधा लाभ नहीं होगा क्योंकि दूसरी लाइन में स्पष्ट है कि शिक्षक एलबी संवर्ग को नियमों के प्रावधान अंतर्गत वेटेज एवं समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान करें , हमने इस नियम को बनाने के लिए ही पत्राचार किया था, शिक्षकीय हित में लगातार हमारे द्वारा शासन-प्रशासन को पत्राचार किया जाता है और उन्हीं में से कुछ पत्रों के ऊपर कार्यवाही शुरू होती है यह उसी का हिस्सा है , बहरहाल हमारे द्वारा लगातार प्रयास जारी है की अपने शिक्षक साथियों को उनका हक और लाभ दिलाया जाए ।
