भारतीयों को नहीं मिलेगी अभी Pfizer की कोरोना वैक्सीन…. ट्रंप ने अपनाई अमेरिकी फर्स्ट की नीति… पहले अमेरिका में होगा टीकाकरण

नयी दिल्ली 9 दिसंबर 2020। कोरोना की सबसे सफल वैक्सीन के रूप प्रचारित हुई अमेरिकी वैक्सीन Pfizer फिलहाल भारतीयों को नहीं मिलेगा। दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि फिलहाल अमेरिकी टीका सिर्फ अमेरिकन लोगों को हो मिलेगा। लिहाजा अमेरिकी कंपनियों के कोरोना वायरस टीके के अमेरिका से बाहर किसी अन्य देश में पहुंचने को लेकर फिलहाल संशय की स्थिति पैदा हो गई है।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अमेरिकी फर्स्ट की नीति अपनाई है. उन्होंने एक शासकीय आदेश पर दस्तखत किए हैं जिसके तहत दूसरे देशों की मदद करने से पहले अमेरिकी लोगों तक कोविड-19 टीके की पहुंच सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी जाएगी. ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या भारत सहित दुनिया के तमाम देशों को अमेरिका फिलहाल ये वैक्सीन उपलब्ध नहीं करवाएगा।
ट्रंप ने कहा कि अगर जरूरी हुआ तो वह सबसे पहले अमेरिकी नागरिकों को कोविड-19 का टीका सुनिश्चित करने के लिए रक्षा उत्पादन कानून भी लागू करेंगे. रक्षा उत्पादन कानून के जरिए राष्ट्रपति निजी कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दे सकेंगे. कंपनियों को संघीय सरकार की प्राथमिकताओं के हिसाब से टीके का निर्माण करना होगा.
ट्रंप प्रशासन ने कोविड-19 के सुरक्षित और प्रभावी टीके के उत्पादन और वितरण के संबंध में ‘ऑपरेशन वार्प स्पीड’ की शुरुआत की थी. ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि उनके प्रशासन ने कोरोना वायरस टीके के विकास के लिए 14 अरब डॉलर राशि की मदद की है. उन्होंने कहा कि सरकार की मदद के बाद दवा कंपनियों फाइजर और मॉडर्ना को टीका विकसित करने में मदद मिली.
