Begin typing your search above and press return to search.

भारत ने न्यूजीलैंड को 4 रन से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम…

भारत ने न्यूजीलैंड को 4 रन से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम…
X
By NPG News

नईदिल्ली 27 फरवरी 2020। आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप में भारतीय टीम ने मेलबर्न के जंक्शन ओवल मैदान पर खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार रन से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा की 46 रन की दमदार पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 133 रन बनाए। इसके जवाब में कीवी टीम 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी और मैच 4 रन के अंतर से हार गई। भारत की तरफ सभी पांचों गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया।

इस जीत के साथ ही भारत तीन मैचों में तीन जीत के बाद ग्रुप ए में सबसे ऊपर चल रहा है। टीम इंडिया के जहां तीन मैचों में 6 अंक हैं वहीं दूसरे नंबर पर मौजूद न्यूजीलैंड के दो मैचों में 2 अंक हैं। इस मैच में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम में दो बदलाव किए। अरुंधति रेड्डी और ऋचा घोष की जगह स्मृति मंधाना और राधा यादव को मौका मिला।

12.25 AM: भारत रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को तीन रन से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गया है। आखिरी ओवर में न्यूजीलैंंड को जीतने के लिए 16 रनों की जरूरत थी लेकिन टीम 11 रन ही बना पाई। इस जीत के साथ ही भारत तीन मैचों में तीन जीत के बाद ग्रुप ए में सबसे ऊपर है। भारतीय टीम के जहां 6 अंक हैं वहीं दूसरे नंबर पर मौजूद न्यूजीलैंड के 2 अंक हैं।

12.10 AM: भारतीय टीम गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर इस मैच में भी जीत की कगार पर है। न्यूजीलैंड को तीन ओवरों में जीत के लिए 40 रनाें की जरूरत है जबकि उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है।

11.59 AM: भारत की राजेश्वरी गायकवाड ने मैडी ग्रीन को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई है। उन्हें विकेटकीपर तानिया भाटिया ने स्टम्प आउट किया। यहां से न्यूजीलैंड को जीत के लिए पांच ओवरों में 55 रनों की जरूरत है।

11.38 AM: भारतीय महिला गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी जारी है। टीम ने पहले अनुभवी सूजी बेट्स का विकेट झटका, इसके तुरंत बाद कप्तान सोफी डिवाइन भी पूनम यादव की गेंद पर आउट होकर चलती बनीं। उनके बल्ले से 21 गेंदों में 14 रन निकले। कीवी टीम का स्कोर इस समय 41-3 है।

11.28 AM: भारतीय गेंदबाज दीप्ति शर्मा ने बड़ी सफलता दिलाते हुए अनुभवी सूजी बेट़्स को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई है। उनका विकेट 30 के स्कोर पर गिरा। सूजी बेट्स ने 13 गेंदों पर छह रन बनाए।

11.12 AM: 134 रनों के लक्ष्य के सामने न्यूजीलैंड की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही है। शिखा पांडे की गेंद पर टीम ने सलामी बल्लेबाज रशेल प्रीस्ट का विकेट पारी के दूसरे ओवर में ही गंवा दिया है। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए।

11.06 AM: भारत द्वारा मिले 134 रन के लक्ष्य के बाद न्यूजीलैंड की पारी शुरू हो गई है। क्रीज पर बल्लेबाजी करने के लिए रशेल प्रीस्ट और सोफी डिवाइन की जोड़ी आई है। भारत की तरफ से गेंदबाजी आक्रमण की कमान दीप्ति शर्मा ने संभाली है।

10.52 AM: न्यूजीलैंड की कसी गेंदबाजी के सामने भारत अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब नहीं हो सका। भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 134 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने सर्वाधिक 46 रन बनाए।

Next Story