Begin typing your search above and press return to search.

हीरो बनने के फेर में इस तरह ‘आ बैल मुझे मार कर लिया’ सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने, ढाई साल का पहला बड़ा एक्शन…CM ने ट्वीटर के जरिये की कलेक्टर की छुट्टी का ऐलान

हीरो बनने के फेर में इस तरह ‘आ बैल मुझे मार कर लिया’ सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने, ढाई साल का पहला बड़ा एक्शन…CM ने ट्वीटर के जरिये की कलेक्टर की छुट्टी का ऐलान
X
By NPG News

रायपुर, 23 मई 2021। सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा की पता नहीं कैसे कल कैसी मति मारी गई कि आ बैल मार करते हुए अपनी कब्र खुद खोद ली। बताते हैं, रणबीर को लगा कि इस तरह कार्रवाई कर वे सोशल मीडिया में दबंग कलेक्टर बन जाएंगे। इसलिए, वे साथ में एक क़रीबी को ले गए। उसने ही पूरी घटना की वीडियोग्राफी की।

घटनाक्रम का वीडियो देखकर लोग हैरान थे और जानने की उत्सुक भी कि इतनी सफाई से आखिर वीडियो बना कौन रहा था। अगर छुपकर वीडियोग्राफी होती तो ऐसी क्वालिटी नहीं आती। बकायदा गाड़ी पर कलेक्टर लिखा दिख रहा…तमाचा मारते हुए स्लो मोशन भी। सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया देखकर कलेक्टर को भूल का अहसास हुआ। फिर देर रात वीडियो जारी कर लोगों से माफी मांगी। तब तक मामला काफी गंभीर हो गया था।

जैसी हरकत, वैसी कार्रवाई

सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने लोगों के साथ जैसी अमानवीय करतूत की, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वैसी ही कार्रवाई की। ढाई साल में भूपेश सरकार की ये पहली बड़ी कार्रवाई होगी, जिसमें मुख्यमंत्री ने ट्वीट के जरिये कलेक्टर के आचरण को अक्षम्य मानते हुए उनकी छुट्टी करने का ऐलान किया।
ऐसा आमतौर पर होता नहीं। एक तो सिंगल आर्डर निकलना ही बड़ी बात होती है, उस पर से सोशल मीडिया में, छत्तीसगढ़ में ऐसा कभी नहीं हुआ। सरकार ने कलेक्टर संदीपन बिलास भोसकर को भले ही ढाई महीने में बुला लिया था। मगर इस तरह नहीं।
एक बार तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने ग्राम सुराज अभियान के दौरान सरगुजा संभाग के दौरे से लौटते समय रायपुर हेलीपैड पर कोरिया और सूरजपुर के कलेक्टर को मीडिया के जरिये हटाने की घोषणा की थी। लेकिन, तब मामला उतना बड़ा नहीं था। तब इसे कौआ मारकर टांगने वाली कार्रवाई मानी गई। दरअसल, उस दिन तत्कालीन चीफ सिकरेट्री विवेक ढांड और शक्तिशाली प्रमुख सचिव अमन सिंह मुख्यमंत्री के साथ सुराज अभियान में गए थे। इसलिये, कुछ तो होना ही था।
बहरहाल, सूरजपुर की घटना से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बेहद गुस्से में थे। NPG.NES को सुबह ये जानकारी मिल गई थी कि मुख्यमंत्री बड़ी कार्रवाई के मूड में हैं। NPG ने इस हैडिंग से सुबह ये खबर ब्रेक भी कि थी…कलेक्टर की किसी भी समय हो सकती है छुट्टी…और वैसा ही हुआ। मुख्यमंत्री ने NPG की खबर वाइरल होने के 40 मिनट बाद ही कलेक्टर को चलता कर दिया।

दिग्गी ने कमिश्नर को हटाया था

अविभाजित मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने 93 में रायपुर के संभागायुक्त एडी मोहिले को मंच से हटाने की घोषणा कर लोगों को स्तब्ध कर दिया था। उन्होंने कहा था, शाम तक आपके यहाँ नए कमिश्नर आ जाएंगे। उस कार्यक्रम में मोहिले मौजूद थे।

Next Story