टूलकिट मामले में राजधानी पुलिस में डॉ रमन को दुबारा नोटिस भेजा .. जवाब में पुलिस को मिला मेल.. मेल पर लिखा है “विस्तृत जवाब के लिए न्यूनतम सात दिनों का समय दें”

रायपुर,2 जून 2021। टूलकिट मसले पर राजधानी पुलिस, डॉ रमन सिंह की ओर दिए गए नोटिस के जवाब के अध्ययन के बाद दूबारा क्वेरी करते हुए बीते 28 मई को नोटिस भेजा गया था, जिसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय ने मेल भेजकर सात दिनों के समय की माँग की है।
राजधानी के सिविल लाईंस थाने में डॉ रमन सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के विरुद्ध अपराध दर्ज है। इस मसले को लेकर सिविल लाईंस थाने की टीम ने डॉ रमन सिंह और संबित पात्रा को नोटिस भेज कर जवाब और अभिलेख माँगे थे। डॉ रमन सिंह की ओर से जवाब आ गया था जबकि संबित पात्रा की ओर से कोई जवाब नही आया था। राजधानी पुलिस ने डॉ रमन सिंह की ओर से मिले जवाब का अध्ययन करने के बाद दूबारा नोटिस बीते 28 मई को भेजा था।
राजधानी पुलिस की ओर से भेजे नोटिस में यह पूछा गया था कि प्रश्नों का विस्तृत और तथ्यात्मक जवाब दें। राजधानी पुलिस का मूल प्रश्न था कि टूलकिट कहाँ से मिला, इसके जवाब में डॉ रमन सिंह की ओर से बताया गया कि टूलकिट सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध था। राजधानी पुलिस में नोटिस में इस सार्वजनिक डोमेन का पता जानना चाहा है।इस नोटिस का जवाब पाँच दिन में माँगा गया था।
डॉ रमन सिंह के कार्यालय की ओर से कल मेल के ज़रिए पत्र राजधानी पुलिस को भेजा गया है जिसमें विस्तृत जवाब के लिए न्यूनतम सात दिन का समय देने का आग्रह किया गया है।
