नई दिल्ली 17 मार्च 2020 भारत में कोरोना धीरे-धीरे फैल रहा है। इसका प्रसार रोकने का सबसे कारगर तरीका बस यही है कि खुद को लोगों की भीड़ से अलग रखें और साफ-सफाई का ध्यान रखें। ऐसे में बहुत सी कंपनियां कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दे रही हैं। यूरोपीय देशों में ज्यादातर कंपनियों ने लोगों को घर से काम करने की छूट दे दी है। मगर कई सेक्टर ऐसे हैं, जिनमें काम करने वालों को ऑफिस जाना ही पड़ता है। ऐसे में यह जरूरी है कि हमारा कार्यस्थल वायरस के प्रसार से सुरक्षित बना रहे, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न हो।
प्रवेश से पहले जांच
पहली बात तो ये कि अगर आप अस्वस्थ हैं तो छुट्टी लें। ऑफिस आ रहे हैं तो हर शख्स की थर्मल जांच होनी चाहिए। थर्मल जांच में देखा जाता है कि किसी के शरीर का तापमान सामान्य से ज्यादा तो नहीं है।
कार्यस्थल पर जगह-जगह हैंड सेनेटाइजर रखे होने चाहिएं, ताकि कर्मचारी समय-समय पर इनका इस्तेमाल करते रहें। बायोमीट्रिक हाजिरी पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
डेस्क पर
आपके डेस्क पर मौजूद हर चीज की किटाणुनाशक से सफाई होनी चाहिए। ऐसा किटाणुनाशक इस्तेमाल होना चाहिए, जिससे उन चीजों की ऊपरी सतह कम से कम 2 मिनट तक गीली रहे। यह बहुत जरूरी है कि आप अपने सेलफोन, की बोर्ड और माउस को किटाणु रहित करें।
मीटिंग में क्या करें
-मीटिंग में हाथ मिलाने से परहेज करें। पूरी दुनिया अब हाथ मिलाने की बजाए नमस्ते कर रही है, आप भी इसे ही अपनाएं। जहां तक हो सके मीटिंग के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग का इस्तेमाल करें।
-बहुत ज्यादा लोगों की बैठक न करें, उसे टुकड़ों में आयोजित करें। खुले स्थान या ऐसी जगह पर मीटिंग करें जहां हवा आनेजाने की पूरा इंतजाम हो।
खानपान
-खाना बांटने से पहरेज करें और ऑफिस की कैंटीन में काम करने वालों से भी कहें कि साफ-सफाई का बहुत ध्यान रखें। खाने में जहां तक हो सके चम्मच का इस्तेमाल करें।
-ऐसी जगह जहां सभी हाथ लगा रहे हैं उसे छूने के बाद हाथों को साबुन से धोएं। दरवाजों और हैंडल को छूने के बाद अगर हैंड सेनेटाइजर है तो उसका इस्तेमाल करें।
