IAS हनीट्रैप ब्रेकिंग- IAS को पति बताकर महिला ने बनवा लिया वोटर ID व पासपोर्ट……महिला भी पहले IAS पर धोखा देने का दर्ज करा चुकी है शिकायत…. LIC एजेंट महिला के खिलाफ FIR दर्ज

इंदौर 8 मार्च 2021। इंदौर में IAS के हनीट्रैप का एक अनूठा मामला सामने आया है। IAS की शिकायत के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। IAS संतोष वर्मा ने आरोप लगाया है कि एक महिला ने उन्हें पति बताकर अपना वोटर आईडी कार्ड और पासपोर्ट बना लिया है। IAS संतोष वर्मा अभी नगरीय प्रशासन विभाग में अपर आयुक्त हैं। जिस महिला पर IAS को पति बताकर वोटर आईडी और पासपोर्ट बनाने का आरोप लगा है, उसका नाम हर्षिता अग्रवाल है। हालांकि ये मामला ब्लैकमेलिंग से अलग कुछ और भी प्रतीत हो रहा है।
हर्षिता पेशे से LIC एजेंट है, 2016 में हर्षिता ने IAS के खिलाफ लसूड़िया थाना में शिकायत दर्ज करायी थी, जिसमें महिला ने शोषण करने और धोखा देने का आरोप लगाया था। उधर IAS संतोष वर्मा का आरोप है कि महिला उनसे LIC एजेंट के रूप में ही मिली थी, जिसको लेकर उसने दस्तावेज लिये और फिर उस दस्तावेज में छेड़छाड़ करते हुए पति का नाम लिखकर वोटर आईडी कार्ड और पासपोर्ट बनवा लिया। महिला के खिलाफ 420, सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
महिला ने IAS को मित्र बताया था, धोखा देने का आरोप लगाया था
2016 में महिला ने शिकायत पुलिस में दर्ज करायी थी। 2016 में IAS संतोष वर्मा उज्जैन में अपर कलेक्टर थे। महिला का आरोप था कि उज्जैन के अपर कलेक्टर संतोष वर्मा ने शादी का झांसा देकर उन्हें साथ रखा और ज्यादती की। उसने संतोष के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की थी। इसी दौरान दोस्ती हुई, जो प्रेम में बदल गई। दोनों ने विवाह कर लिया था। जब वह हरदा में पदस्थ थे तब वे पत्नी की तरह सरकारी क्वार्टर में साथ रही थी। उसके बाद उनका उज्जैन ट्रांसफर हो गया तो युवती को टाउनशिप में घर दिलवाया था। वह घर संतोष वर्मा की मां के नाम पर है। अपर कलेक्टर का पहले ही विवाह हो चुका था, लेकिन उन्होंने छुपाया। बाद में शादी से इनकार कर दिया। उन्होंने इसकी शिकायत कई जगह की थी।
