Begin typing your search above and press return to search.

IAS भारतीदासन ने आयुक्त जनसम्पर्क और CEO संवाद का पदभार संभाला, मंत्रालय में स्पेशल सिकरेट्री का कार्यभार भी किया ग्रहण

IAS भारतीदासन ने आयुक्त जनसम्पर्क और CEO संवाद का पदभार संभाला, मंत्रालय में स्पेशल सिकरेट्री का कार्यभार भी किया ग्रहण
X
By NPG News

0 साइलेंट वर्कर माने जाने वाले भारतीदासन मार्कफेड में एमडी रहते धान के 17 फीसदी शार्टेज को आधा प्रतिशत लाने का अभूतपूर्व काम कर दिखाया था

रायपुर, 7 जून 2021। डॉ0 एस भारतीदासन ने आज नवा रायपुर में जनसम्पर्क संचालनालय के आयुक्त-सह-संचालक तथा छत्तीसगढ़ संवाद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार ग्रहण किया। इसके पहले उन्होंने महानदी भवन मंत्रालय में विशेष सचिव मुख्यमंत्री, विशेष सचिव कृषि विभाग (उद्यानिकी, मत्स्य पालन, दुग्धपालन, गौठान का स्वतंत्र प्रभार), नोडल अधिकारी नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी एवं छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना का पदभार भी ग्रहण किया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2006 बैच के अधिकारी भारतीदासन इसके पूर्व राजधानी रायपुर सहित सूरजपुर और जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर के पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के संचालक, प्रबंध संचालक मार्कफेड तथा अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है।
भारतीदासन साइलेंट वर्कर माने जाते हैं। वे उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने मार्कफेड का एमडी रहतेे धान के शार्टेज को आधा प्रतिशत पर ला दिया था। जबकि, उससे पहिले मार्कफेड के कई डीएमओ ने खेल करते हुए शार्टेज 17 प्रतिशत तक शो कर दिया था। धान के शार्टेज का खेल रोकने भारतीदासन ने वो काम कर दिखाया था, जिसकी कल्पना किसी को नहीं थी। भारत सरकार धान का शार्टेज अधिकतम दो प्रतिशत निर्धारित कर रखा है। लेकिन, छत्तीसगढ़ ने इसे आधा परसेंट करने का कारनामा कर दिखाया था। जांजगीर के बाद रायपुर कलेक्टर के रूप में भी उनका बैलेंस वर्क रहा। राजनीतिक रूप से संवेदनशील होने के बाद भी रायपुर में उनका कार्यकाल निर्विवाद रहा। कोरोना काल में साइलेंट रहते हुए उन्होंने ऐसा प्रबंधन किया कि लाॅकडाउन में रायपुर में कभी अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई।
भारतीदासन ने आज कार्यभार संभालने के बाद जनसम्पर्क विभाग तथा छत्तीसगढ़ संवाद के अधिकारियों से बैठक लेकर परिचय प्राप्त किया और विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव और अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी छत्तीसगढ़ संवाद उमेश मिश्रा, जनसम्पर्क संचालनालय के अपर संचालक जे.एल.दरियो, श्रीमती जमुना सांडिया और उमेश मिश्रा, संयुक्त संचालक संजीव तिवारी, आलोक देव, संतोष मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

Next Story