Begin typing your search above and press return to search.

अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी, छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों में होगी तेज बारिश….मौसम विभाग ने जारी किया ALERT

अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी, छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों में होगी तेज बारिश….मौसम विभाग ने जारी किया ALERT
X
By NPG News

नईदिल्ली 22 अगस्त 2020। देशभर में बारिश का कहर जारी है। हालात चाहे पूर्वोत्तर भारत के हो या पश्चिम भारत के, बारिश की वजह से जीवन-यापन पर असर पड़ा है। वहीँ बीते 24 घंटों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक और कोंकण गोवा में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हुई। गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तेलंगाना और मेघालय में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिली।

केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, शेष पूर्वोत्तर भारत, पंजाब, हरियाणा, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अब अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने मध्य प्रदेश के छह जिलों होशंगाबाद, जबलपुर,बेतुल, नरसिंहपुर, सिवनी और हरदा जिले को रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के 12 जिले व महाराष्ट्र के कुछ इलाकों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ओडिशा के तटीय इलाकों में रहने वाले मछुआरों को अगले 24 घंटों के दौरान समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग के लिए अगले 24 घंटे जबकि विदर्भ और कोंकण क्षेत्र को लेकर 48 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को इन क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। इसके साथ ही इन इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जताया है।

बाढ़ से बिहार में स्थिति और खराब हो गई है। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़ से कुल प्रभावितों का आंकड़ा 82.92 लाख पर पुहंच गया है। वहीं 27 लोगों की मौत हुई है। राज्य के 16 जिलों के 130 ब्लॉक की 1322 पंचायतें पानी में डूबी हुई है। बृहस्पतिवार से शुक्रवार के दौरान प्रभावितों की संख्या में 1.13 लाख की वृद्धि हुई है। बाढ़ की मार सबसे ज्यादाद दरभंगा, मुजफ्फरनगर और गोपालगंज जिले पर पड़ी है। राज्य की ज्यादातर नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

वहीं असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शुक्रवार को बताया कि राज्य के तीस जिलों में बाढ़ से 56,91,694 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं बाढ़ के कारण 113 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। राज्य में बाढ़ पीड़ितों के लिए कुल 626 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिसमें 1,56,874 पीड़ित शरण ले रहे हैं। एनडीआरफ को असम के आठ स्थानों पर तैनात किया गया है, एसडीआरएफ को राज्य में 40 विभिन्न स्थानों पर तैनात है। गुजरात में सात राजमार्गों समेत 131 सड़कें बंद हैं।

Next Story