Weight Gain diet: सर्दियां है शरीर बनाने का मौसम, दुबले-पतले हैं, वेट बढ़ाना चाहते हैं तो सर्दियों में जरूर लें ये चार फूड काॅम्बिनेशन्स...
Weight Gain diet: सर्दियां है शरीर बनाने का मौसम, दुबले-पतले हैं, वेट बढ़ाना चाहते हैं तो सर्दियों में जरूर लें ये चार फूड काॅम्बिनेशन्स...

Weight Gain Diet: जहां अधिकतर लोगों की समस्या बढ़ा हुआ वेट है वहीं बहुत से लोग ऐसे भी हैं जो अपने दुबले-पतलेपन से परेशान हैं और वेट गेन करना चाहते हैं। ऐसे लोगों के लिए सर्दी का मौसम वेट बढ़ाने के लिए परफेक्ट है। दरअसल सर्दी में जठराग्नि बढ़ जाती है जिससे दूध, दही, घी जैसी कैलोरी डैंस चीज़ें खाना और पचाना आसान हो जाता है। इसलिए इस मौसम में आप थोड़ी हैवी चीज़ें, कैलोरी डैंस चीज़ें आराम से खा सकते हैं और वजन बढ़ा सकते हैं। साथ ही कम से कम 20 से 30 मिनट की मध्यम गति की एक्सरसाइज करना मत भूलिएगा जिससे भूख असल में लगे, खुल कर लगे और अधिक कैलोरी लेने से मसल बढ़े, फैट नहीं। यहां हम हर घर में आसानी से मिलने वाले चार फूड काॅबिनेशंस आपको बता रहे हैं जिन्हें आप वेट गेन के लिए अपना सकते हैं।
वेजिटेबल दलिया
आप मनपसंद सब्जियां डालकर वेजिटेबल दलिया बना सकते हैं। साथ ही इसमें काजू, बादाम जैसे ड्राई फ्रूट्स जोड़ सकते हैं जिससे आपको हेल्दी फैट्स और विटामिन्स- मिनरल्स भी मिलेंगे।आप इसमें घी का तड़का भी लगा सकते हैं जिससे इसकी कैलोरी बढ़ेंगी। या फिर आप दूध दलिया या छाछ दलिया भी बना सकते हैं जिससे आपको भरपूर प्रोटीन भी मिलेगा।
दूध-रोटी
दूध-रोटी एक पारंपरिक भारतीय खाना है जो वेट गेन करने के लिए भी बढ़िया है। दूध में हाई क्वालिटी प्रोटीन होता है। वहीं रोटी में कॉम्प्लेक्स कार्ब्स होते हैं, जो एनर्जी देते हैं। दूध में चाहें तो थोड़ा घी, शहद या गुड़ मिला सकते हैं। रोटी पर भी घी ज़रूर लगाएं। इससे कैलोरी बढ़ जाएगी। आप इसमें भुने बादाम या फिर किशमिश भी मिला सकते हैं। जब आपका वेट गेन करने का लक्ष्य है तो टोंड मिल्क ना लें, फुल फैट मिल्क लें।
दही-आलू
एक कटोरी फुल फैट दही में दो उबले आलू मिलाकर लें। साथ ही आप भुना जीरा, काला नमक और अपने पसंद के दूसरे मसाले मिला सकते हैं। आलू में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा ज़्यादा होती है।यह शरीर को पर्याप्त एनर्जी देता है और कैलोरी बढ़ाने में मदद करता है।दही में प्रोटीन और हेल्दी फैट्स होते हैं, जो मसल्स बनाने में मदद करते हैं।
बनाना-पीनट बटर स्मूदी
अगर आपका कुछ भी खाने का मन नहीं करता है तो आप बनाना - पीनट बटर स्मूदी ले सकते हैं। इसे पी लेना आसान है और इससे आपको कैलोरी, प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और पर्याप्त न्यूट्रिएंट्स मिल जाएंगे। पीनट बटर में प्रोटीन और हेल्दी फैट्स होते हैं, जो मसल्स ग्रोथ और हेल्दी वेट गेन में मदद करते हैं। इसमें दूध मिलाने से प्रोटीन की मात्रा और बढ़ जाएगी। वहीं केले में नैचुरल शुगर होती है जो शरीर को तुरंत एनर्जी देती है। इसे बनाने के लिए मिक्सी के एक जार में दो केले, एक गिलास दूध, एक से दो चम्मच पीनट बटर मिलाएं और ब्लैंड कर लें। चाहें तो शहद मिला लें। भूख न लगने की स्थिति में भी आपके लिए कैलोरी इंटेक बढ़ाने का यह आसान तरीका है।
