Begin typing your search above and press return to search.

Watermelon Benefits: तरबूज खाने के 17 फायदे, गर्मी में बनाइए आहार का अनिवार्य हिस्सा...

Watermelon Benefits: तरबूज खाने के 17 फायदे, गर्मी में बनाइए आहार का अनिवार्य हिस्सा...
X
By NPG News

Watermelon Benefits: रायपुर I गर्मी से सूखते गले को तर करने की ऐसी गज़ब की ताकत रसभरे तरबूज में होती है कि इसकी एक फांक उठाते ही राहत सी मिल जाती है। लोग बाकी चीज़ों को साइड कर गर्मी में तरबूज खाना पसंद करते हैं। रोड किनारे तरबूजों का भरा बाजार गर्मी में हमेशा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। शरीर को तरावट देने के अलावा भी तरबूज में ढेरों खूबियां हैं। यह प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, आयरन, मैग्नीशियम, सोडियम, जिंक, फोलिक एसिड और विटामिन आदि अनेक फ़ायदेमंद तत्वों से समृद्ध है। इसके अनेक ऐसे फायदे हैं जो हम जानते ही नहीं हैं। आइए इन पर चर्चा करते हैं।

1. रसीलापन सबसे बड़ी खूबी

तरबूज में भरपूर पानी होता है। अपने मीठे रस से यह शरीर में पानी की कमी दूर करता है। जिससे गर्मियों की मुख्य परेशानी 'डिहाइड्रेशन' से लड़ना आसान हो जाता है। डिहाइड्रेशन कमजोरी, चक्कर आने, मुंह सूखने जैसी अनेक समस्याओं की वजह बनता है। इसलिए तरबूज गर्मी के मौसम में विशेष तौर पर उपयोगी है।

2. भरपूर फाइबर दे कब्ज़ से राहत

तरबूज फाइबर से भरपूर होता है। इसलिए यह पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है। इसलिए तरबूज के नियमित सेवन से कब्ज की समस्या दूर हो जाती है। साथ ही गर्मियों में तरबूज का सेवन करने से डायरिया और गैस जैसी परेशानियों में भी राहत मिलती है।

3. ऊर्जा की कमी दूर करे

गर्मियों में ऐसा लगता है कि पसीने और थकावट के साथ शरीर की सारी ऊर्जा भी चली गई है। ऐसे में तरबूज के सेवन से शरीर में दोबारा ऊर्जा का संचार होता है क्योंकि तरबूज विटामिन-बी का अच्छा स्रोत है, जो शरीर में ऊर्जा के प्रवाह को बढ़ाता है।

4. गर्भवती स्त्री के लिए बेहद उपयोगी

तरबूज में फोलिक एसिड, कैल्शियम, विटामिन-ए और आयरन जैसे पोषक तत्व होते हैं, जिनकी आवश्यकता गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को बहुत ज्यादा होती है। इसलिए डाॅक्टर के कही मुताबिक मात्रा में गर्भवती स्त्री को तरबूज खिलाना काफी फायदेमंद है।

5. हड्डियों को रखे स्वस्थ

शरीर में विटामिन-सी की कमी से स्कर्वी और हड्डियों में दर्द जैसी समस्या हो सकती है। तरबूज विटामिन-सी से भरपूर होता है, जो हड्डियों के लिए फायदेमंद माना जाता है।इसलिए हर उम्र के व्यक्ति को तरबूज खाना चाहिए।

6. दिल को रखे फिट

तरबूज में लाइकोपीन पाया जाता है। जो कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करता है। इससे ब्लड प्रेशर कंट्रोल होता है और अंततः इसका फायदा दिल को मिलता है।

7. कर सकता है वेट लॉस में मदद

तरबूज में पानी अधिक और कैलोरी कम होती है। साथ ही इसमें भरपूर फाइबर भी होता है। इसके चलते तरबूज खाने के बाद काफी देर तक पेट भरा महसूस होता है। इसलिए यह वेट लाॅस के मिशन को पूरा करने में आपकी मदद कर सकता है।

8. मसूड़े रखे स्वस्थ

तरबूज में पाया जाने वाला विटामिन सी मसूड़े हेल्दी रखता है। इसलिए यह प्लाक बिल्डअप को स्लो करने में मदद करता है। उन्हें बैक्टीरिया से भी बचाता है।

9. अस्थमा के मरीजों के लिए अतिउत्तम

तरबूज में लाइकोपीन और विटामिन ए की भरपूर मात्रा होती है। ये दोनों ही तत्व अस्थमा के मरीजों के लिए बेहद ज़रूरी हैं। ऐसे में अस्थमा से पीड़ित व्यक्ति के लिए तरबूज का सेवन बहुत फायदेमंद है।

10. मांसपेशियों का दर्द करे दूर, दे मजबूती

तरबूज में इलेक्ट्रोलाइट्स और अमीनो एसिड साइट्रलाइन भरपूर रूप से मौजूद होता है। इसलिए तरबूज के सेवन से मांसपेशियों को मजबूत किया जा सकता है। साथ ही इससे मांसपेशियों में होने वाले दर्द में भी राहत मिलती है।

11. दिमाग को रखे शांत

तरबूज की ठंडी तासीर दिमाग को भी शांत रखती है। तरबूज विटामिन-सी से समृद्ध होता है,जिसे एंटीस्ट्रेस के रूप में भी जाना जाता है। इसके सेवन से गुस्सा कम आता है। चिंता, तनाव, अवसाद घटता है। दिमागी तनाव घटता है तो मन भी अच्छा रहता है।

12. बढ़ाए स्किन का ग्लो

तरबूज में पाया जाने वाला विटामिन ए और बीटा-कैरोटीन स्किन को हेल्दी रखता है। रसीला तरबूज अपने लाइकोपीन से आपके चेहरे की चमक को बढ़ाता है। इसके पल्प को फेस मास्क की तरह भी इस्तेमाल किया जाता है। वाटरमेलन फेशियल करवाना महिलाएं प्रेफर करती हैं।

13. इम्यूनिटी बेहतर होती है तरबूज से

तरबूज में विटामिन सी भरपूर रूप से होता है, जो इम्यूनिटी बूस्ट करने में उपयोगी है।

14. कैंसर को पनपने से रोक सकता है तरबूज

तरबूज में पाया जाने वाला लाइकोपीन एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, इसलिए यह शरीर में कैंसर को पनपने से रोक सकता है।

15. सूजन व दर्द को करे कम

शरीर के किसी भी हिस्से में सूजन की वजह से दर्द है तो इसमें तरबूज के सेवन से राहत मिल सकती है। दरअसल तरबूज में कोलाइन नामक तत्व पाया जाता है जो एंटीइंफ्लेमेटरी गुणों से समृद्ध होता है। इससे सूजन जनित दर्द कम होता है।

16. आँखों के लिए फायदेमंद

तरबूज विटामिन-ए का अच्छा स्रोत है, जो आंखों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है। इससे नजर के धुंधलेपन को कम करने में मदद मिल सकती है।

17. यौन क्षमता में वृद्धि

तरबूज को इसके खास गुणों के चलते देसी वियाग्रा कहा जाता है। तरबूज के सेवन से पुरुषों की यौन क्षमता में वृध्दि होती है। स्तम्भन दोष दूर होता है।

Next Story