Thandai Benefits: ठंडाई का देसी फार्मूला गर्मी में शरीर को रखता है ठंडा-ठंडा, कूल-कूल, इंग्रीडिएंट्स की खासियत जानिए और कमाल के फायदे भी...

Thandai Benefits: गर्मी बेहाल कर देने वाला मौसम है। सब तरफ बस एक ही शिकायत... 'हाय गर्मी', 'कितनी ज्यादा गर्मी'। सब इस भीषण गर्मी से फौरी राहत पाने के लिए कुछ ठंडा ढूंढते हैं जिससे जान में जान आए। मार्केट में आप कोल्ड ड्रिंक्स, गन्ना रस आदि पी सकते हैं, पर ये अन्य वजहों से नुकसानदायक हो सकते हैं। पर बात करें घर की बनी देसी ठंडाई की, तो उसका कोई जोड़ नहीं। दरअसल ठंडाई में चुन-चुन कर ऐसे इंग्रीडिएंट्स डाले जाते हैं जिनके गुण गर्मी से राहत देने वाले हैं, शरीर और पेट को अंदरूनी ठंडक पहुंचाने वाले हैं। चलिए पहले ठंडाई के खास इंग्रीडिएंट्स और उनके असर पर बात करते हैं फिर जानेंगे ठंडाई के फायदे।
ठंडाई के प्रमुख इंग्रीडिएंट्स और उनके फायदे
ठंडाई के खास इंग्रीडिएंट्स हैं सौंफ, बादाम, खरबूज के बीज, खसखस, गुलाब की पंखुड़ियां, हरी इलायची, काजू, पिस्ता, केसर और काली मिर्च आदि। ये सभी चीज़ें मिलकर ठंडाई को गर्मी का बेस्ट ड्रिंक बनाती हैं।
सौंफ
ठंडाई को ठंडा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है सौंफ। सौंफ बॉडी को अंदर से ठंडा रखने में मदद करती है। यह पेट की गर्मी और जलन को भी शांत करती है। इसके सेवन से लू से बचाव होता है। साथ ही सौंफ में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट की प्रचुर मात्रा होती है। जो इम्यूनिटी को बढ़ाने में मददगार हैं। सौंफ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं।
बादाम
सौंफ और बादाम का जोड़ बेजोड़ है और इसके कई फायदे हैं। ठंडाई बनाने के लिए बादाम को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दिया जाता है और सुबह छिलका उतारकर इसे पीसा जाता है। ऐसा करने से बादाम की गर्मी निकल जाती है और ये पचने में हल्के हो जाते हैं। भीगे बादाम शरीर की गर्मी को शांत करते हैं। आयुर्वेद के अनुसार भीगे बादाम के सेवन से पित्त दोष समाप्त होता है और पाचन संबंधी समस्याओं से भी बचाव होता है।
खरबूज के बीज
डाइटरी फाइबर से भरपूर मगज के बीज (खरबूज के बीज) भी ठंडाई में अच्छी मात्रा में पड़ते हैं। फाइबर पाचन को बेहतर रखता है। ये विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर होते हैं, जो सभी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए जाने जाते हैं। खरबूजे के बीजों में विटामिन ए भी प्रचुर मात्रा में होता है जो आंखों की समस्याओं के लिए फायदेमंद साबित होता है।
खसखस
खसखस के नन्हे-नन्हे दाने ठंडाई को रिचनेस और थिकनेस तो देते ही हैं, इनकी ठंडी तासीर शरीर को गर्मी से राहत देती है। फाइबर से भरपूर खसखस पाचन को दुरुस्त बनाती है और गैस,एसिडिटी, पेट दर्द जैसी गर्मी के मौसम की आम समस्याओं से राहत दिलाती है। कैल्शियम, आयरन और कॉपर जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खसखस दिमाग के लिए भी बहुत अच्छी है। यह दिमाग को शांत रखती है।
गुलाब की पंखुड़ियां
गुलाब की पखुड़ियां ठंडाई में गज़ब की ताजगी और खुशबू जोड़ती हैं। इससे ठंडाई का स्वाद तो बेमिसाल बनता ही है, शरीर को ठंडक भी मिलती है। गुलाब की पंखुड़ियों में स्ट्रैस और एंग्जायटी कम करने वाले गुण होते हैं। इसमें पॉलीफेनोल्स और कुछ एंटीऑक्सिडेंट होते हैं जो आपके शरीर को कोशिका क्षति से बचाने का काम करते हैं। गुलाब की भीगी हुई पंखुड़ियां महिलाओं को यूटीआई यानि मूत्र मार्ग संक्रमण से राहत देती हैं।
हरी इलायची
हरी इलायची की तासीर ठंडी होती है। इसका पाउडर पेट की गर्मी को दूर करता है और शरीर को ठंडक देता है। इसके साथ ही इलायची ब्लड प्रेशर को कम करने और डाइजेशन को बेहतर बनाने में भी असरदार है।
काजू और पिस्ता
बादाम की ही तरह काजू और पिस्ता भी रात में भिगोकर सुबह इस्तेमाल किए जाते हैं। ताकि शरीर को गर्मी में भी इनके कमाल के फायदे मिल सकें। काजू और पिस्ते को भिगोकर खाने से पाचन ठीक रहता है।इससे पेट की गर्मी शांत होती है। भीगा काजू दिमागी सेहत भी ठीक रखता है।
केसर
केसर में कूलिंग प्रॉपर्टी होती हैं। केसर शरीर से टॉक्सिंस निकालने में असरदार है। इसे पीने पर शरीर की अंदरूनी सफाई हो जाती है जिससे पेट दर्द, बाॅडी फैट आदि समस्याएं दूर होती हैं। साथ ही स्किन पर तो इसका जादुई असर होता ही है।
काली मिर्च
काली मिर्च में एंटीइंफ्लेमेटरी, एंटीबैक्टीरियल और डाइजेस्टिव गुण पाए जाते हैं। रात को काली मिर्च को पानी में गला देने से इसकी गर्मी भी निकल जाती है।
ठंडाई के खास फायदे
1. ठंडाई का सबसे बडा फायदा तो यही है कि यह शरीर को अंदरूनी ठंडक देती है। पेट की जलन शांत करती है। लू से बचाती है। डिहाइड्रेशन को रोकती है।
2. प्रायः गर्मी से पाचन बिगड़ जाता है। ठंडाई पाचन को दुरुस्त करती है। अपच, गैस, एसिडिटी से बचाती है।
3. ठंडाई में शामिल ढेर सारे ड्राई फ्रूट्स शरीर को मजबूत बनाते हैं और बीमारियों से बचाते हैं।
4. ठंडाई तनाव और एंग्जाइटी को दूर करती है। इसे पीकर शरीर को राहत और मन मस्तिष्क को शांति मिलती है। मूड बेहतर होता है।
5. ठंडाई के सेवन से हार्मोनल बैलेंस ठीक रहता है।
6. ठंडाई में पाए जाने वाले हेल्दी फैट्स, प्रोटीन और फाइबर शरीर में एनर्जी बनाए रखते हैं और आप गर्मी में भी खुद को लो फील नहीं करते।
डिस्क्लेमर:- खबर में दी गई कुछ जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है।आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने डाॅक्टर की राय अवश्य ले लें। हमारा मकसद आप तक जानकारी पहुंचाना भर है।

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।
-
Home
-
Menu
