Begin typing your search above and press return to search.

Sarson Ka Sag Recipe: घर में सरसों के साग का रेस्टोरेंट जैसा स्वाद नहीं आता? इस बार इन ट्रिक्स के साथ कुकर में बनाएं और देखें रिजल्ट

Sarson Ka Sag Recipe

Sarson Ka Sag Recipe: घर में सरसों के साग का रेस्टोरेंट जैसा स्वाद नहीं आता? इस बार इन ट्रिक्स के साथ कुकर में बनाएं और देखें रिजल्ट
X
By Divya Singh

Sarson Ka Sag Recipe: सर्दी के मौसम का इंतज़ार न जाने कितने ही लोग सरसों का साग और मक्के की रोटी खाने के लिये करते हैं। यह जबरदस्त फूड काॅम्बिनेशन बहुत से लोगों का फेवरेट है। इस फेमस पंजाबी रेसिपी को आज घर-घर में बनाया जाता है लेकिन यह बात भी उतनी ही सही है कि सरसों का साग बनाने के नाम से मन थोड़ा आगे-पीछे जरूर होता है क्योंकि इसमें थोड़ी मशक्कत जो लगती है और फिर कई बार मनचाहा स्वाद भी नहीं आ पाता। इसलिए आज हम आपके साथ सरसों का साग बनाने की सबसे आसान रेसिपी शेयर कर रहे हैं जो कि तब और शानदार लगेगी और बहुत आसानी से भी बनेगी जब आप इसे कुकर में कुछ खास ट्रिक्स लगाकर बनाएंगे। तो चलिए बनाते हैं सरसों का साग।

सरसों का साग बनाने के लिए हमें चाहिए

  • सरसों का साग- 800 ग्राम
  • मेथी-150 ग्राम
  • बथुआ -200 ग्राम
  • पालक- 400 ग्राम
  • मक्के का आटा-3/4 कप
  • अदरक - 3 इंच
  • हरी मिर्च - 2-3
  • घी-2 टेबल स्पून
  • सूखी लाल मिर्च - 2-3
  • जीरा-1 टी स्पून
  • लहसुन-10-12 कली
  • हींग-1/2 टी स्पून
  • हल्दी-1/2 टी स्पून
  • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर -1 टी स्पून
  • मक्खन-1 टेबल स्पून

सरसों का साग ऐसे बनाएं

1. सबसे पहले सभी भाजियों को तीन से चार बार बहुत अच्छी तरह धो लें क्योंकि इनमें प्रायः बहुत मिट्टी होती है।

2. अब मोटे डंठल काट कर अलग कर दें और सभी भाजियों को काटकर अलग-अलग रख लें। अलग-अलग रखना इसलिए जरूरी है क्योंकि सरसों का साग पकने में सबसे ज्यादा समय लेता है और यहीं पर आकर थोड़ी कसर रह जाती है इसके स्वाद में। इसलिए सबसे पहले इसे अच्छी तरह पकाएं।

3. एक कुकर में सरसों का साग शिफ्ट करें। इसे अच्छी तरह दबा दबा कर भर दें। गैस जलाएं। भाजी पर जरा सा पानी छींटे और नमक डालकर चलाएं। धीमी आंच पर कुछ देर इसी तरह रहने दें। जब भाजी नरम पड़ने लग जाए तब इसे चलाएं और कुकर का ढक्कन लगा दें।

4. इसकी दो सीटी आने दें और फिर आंच कम करके इसे दस मिनट तक पकने दें। फिर गैस बंद कर दें। जब प्रेशर अपने आप निकल जाए तो कुकर खोलें और इसमें बाकी की भाजियां एक-एक कर ऐड करें। सभी को अच्छी तरह मिक्स करें और नरम होने दें। थोड़ा सा पानी और छींटें।

5. अब इसमें आधा कप मक्के का आटा डालें और अच्छी तरह लगातार चलाएं। मक्के का आटा डालने से साग में थिकनेस आएगी।

6. जब इतना आटा अच्छी तरह मिक्स हो जाए तो बाकी का आटा भी डाल दें और फिर घोंटें। इस स्टेज पर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक डालें। अच्छी तरह चलाएं। अब आप इसमें एक चौथाई कप पानी डाल सकते हैं और यदि आपको इतनी ही थिकनेस अच्छी लग रही है तो बिना पानी डाले सिर्फ थोड़ा-थोड़ा पानी छींट कर भी सरसों का बन सकता है।

7. जब साग अच्छी तरह घुंट जाए और इसमें अच्छा गाढ़ापन आ जाए तो इसमें ऊपर से एक मक्खन डाल दें और चलाएं।

8. लास्ट में इसके लिए तड़का तैयार करें। इसके लिए एक पैन में घी गर्म करें इसमें खड़ी लाल मिर्च तोड़कर डालें। साथ ही डालें जीरा और बारीक कटा लहसुन। जब लहसुन अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें हींग डालें। आखिर में डालें हल्दी और मिर्च पाउडर और घुमा लें। आपका तड़का तैयार है इसे सरसों के साग पर पलट दें। अच्छी तरह मिक्स करें और ढक्कन लगा दें जिसमें साग में फ्लेवर अच्छी तरह समा जाए। आपका बेहतरीन सरसों का साग तैयार है। मक्के की रोटी के साथ इसका आनंद लें।

Divya Singh

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story