Begin typing your search above and press return to search.

Litti-Chokha Recipe: बनाइए बिहार की खास डिश 'लिट्टी-चोखा', पहले प्रयास में ही हो जाएंगे इस रेसिपी टेस्ट में पास...

Litti-Chokha Recipe: बनाइए बिहार की खास डिश लिट्टी-चोखा, पहले प्रयास में ही हो जाएंगे इस रेसिपी टेस्ट में पास...
X
By Gopal Rao

Litti-Chokha Recipe : आजकल देश भर के खास खानपान आपको अपने ही शहर में मिल जाते हैं। ऐसी ही एक खास डिश है बिहार का 'लिट्टी-चोखा'। स्ट्रीट्स में 'लिट्टी-चोखा' का स्टाॅल शुरू होते ही भारी भीड़ टूटने लगती है। कहीं-कहीं तो आपको अपनी बारी आने के लिए काफी इंतज़ार भी करना पड़ता है। आटे की कवरिंग के भीतर सत्तू का सौंधा स्वाद और साथ में चोखा...लोग उंगलियां चाटते नहीं थकते। स्टेप बाई स्टेप इसे बनाने की विधि आज हम यहां बता रहे हैं। हाँ ये डिश थोड़ा समय मांगती है, लेकिन मेहनत का फल इतना स्वादिष्ट हो तो मेहनत करना तो बनता है न! यकीन मानिए, पहली कोशिश में ही आप इसे बहुत अच्छी तरह बना पाएंगे। तो चलिए शुरू करते हैं।

इसे बनाने के लिए आपको चाहिए

० लिट्टी के लिए

  • गेहूं का आटा - 4 कटोरी
  • अजवाइन - आधा छोटी चम्मच
  • घी या तेल - आधा कप
  • खाने का सोडा - 1/3 छोटा चम्मच
  • नमक - 3/4 छोटी चम्मच

० सत्तू की स्टफिंग बनाने के लिए

  • सत्तू -2 कप
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
  • हरी मिर्च - 2-4
  • हरा धनियां - आधा कप बारीक कतरा हुआ
  • जीरा - 1 छोटी चम्मच
  • सरसों का तेल - 2 छोटी चम्मच
  • नींबू - 1
  • पानी- तीन-चार चम्मच (ऑप्शनल)
  • काला नमक - आधा छोटी चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार

० चोखा के लिए

-बैंगन के चोखे के लिए

  • बैंगन -1 बड़ा
  • आलू- 2
  • टमाटर -3
  • हरी मिर्च - 2-3
  • अदरक - 1 इंच का टुकड़ा ( बारीक कटा)
  • हरा धनिया- 2 चम्मच (बारीक कटा)
  • नमक - स्वादानुसार
  • सरसों का तेल - 1-2 छोटी चम्मच

- आलू के चोखे के लिए

  • उबले आलू- 4-5, मीडियम साइज़ के
  • अदरक - एक चम्मच (किसी हुई)
  • हरी मिर्च-2, बारीक कटी
  • हरा धनिया- 2 चम्मच, बारीक कटा
  • लाल मिर्च पाउडर - आधा छोटा चम्मच नमक - स्वादानुसार

पहला स्टेप- लिट्टी के लिये आटा लगाना

आटे को छान लीजिए। इसमें घी, खाने का सोडा, अजवायन और नमक डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिये, गुनगुने पानी की मदद से थोड़ा नरम सा आटा गूंथ लीजिये। गुंथे हुये आटे को ढककर आधा घंटे के लिये रख दीजिए। लिट्टी बनाने के लिये आपका आटा लगकर तैयार है।

दूसरा स्टेप- सत्तू की स्टफिंग बनाना

1. अदरक को धो-छीलिकर, बारीक टुकड़ों में काट लीजिए। हरी मिर्च और हरा धनिया को धोकर बारीक काट लीजिए।

2. सत्तू को एक गहरे कटोरे में निकालिए और उसमें स्टफिंग के लिए दी हुई सारी सामग्री एक-एक कर मिला दीजिए।हथेली में थोड़ी सामग्री लेकर मुट्ठी बांधिए। अगर मुट्ठी खोलने पर ये बिखर रही है, सूखी लग रही है तो इसमें थोड़ा पानी डालिये, जब यह बंधने लायक हो जाए तो समझिए स्टफिंग तैयार है।

० तीसरा स्टेप - लिट्टी बनाना

1. गुंथे हुये आटे से मध्यम आकार की लोइयां तोड़ लीजिए। लोई को उंगलियों से फैलाकर कटोरी नुमा बना लीजिए। ये बीच में हल्की मोटी और किनारों पर अपेक्षाकृत थोड़ी पतली होनी चाहिए।

2. इस पर एक-डेढ़ टी स्पून स्टफिंग रखिए और आटे की कटोरी को चारों ओर से उठा कर बन्द कीजिए और गोल कर लीजिए। गोले को हथेली से दबा कर थोड़ा चपटा कीजिए। जैसा आपने लिट्टी का आकार मार्केट में देखा होगा। लिट्टी सिंकने के लिये तैयार है।

3. तंदूर को गरम कीजिए। भरी हुई लिट्टी को तंदूर में रखिये और पलट-पलट कर ब्राउन होने तक सेंकिए। आप माइक्रोवेव या एयर फ्रायर में भी लिट्टी सेंक सकते हैं।

० चौथा स्टेप- चोखा बनाना

- बैंगन का चोखा ऐसे बनाएं

1. चोखा बनाने के लिए सबसे पहले आलू उबालिए और इन्हें छील लीजिए।

2. अब टमाटर और बैंगन को ओवन या स्टोव पर धीमी आँच में भूनिए। जब ये नर्म हो जाये तो इनके भी छिलके निकाल लीजिये।

3. अब उबले हुए आलू, टमाटर और बैंगन को अदरक के साथ अच्छी तरह मिलाइए। अब इसमें बाकी सामग्री अच्छी तरह मिलाइए। आपका चोखा तैयार है।

- आलू का चोखा ऐसे बनाएं

उबले आलू छील कर बारीक तोड़ लीजिए। बाकी की सारी सामग्री मिलाइए। बहुत अच्छी तरह मिक्स कीजिए। आपका आलू का चोखा तैयार है।

० पांचवा स्टेप- लिट्टी-चोखे को परोसना

चोखा एक फैले मुंह वाली कटोरी में निकालिए। लिट्टी को पिघले हुये घी में डुबाइए। प्लेट में चोखा की कटोरी, दो लिट्टी रखिए। स्वाद में इज़ाफा करने के लिए साथ में धनिया-टमाटर की चटनी या हरी चटधनी रखिए और परोसिए। लिट्टी-चोखे का अनोखा-सौंधा स्वाद आपका और पूरे परिवार का दिन बना देगा।

Gopal Rao

गोपाल राव रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 8 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story