Kunafa Recipe: ईद पर बनाइए 'अरेबिक डिश कुनाफा', सेवईं से बनी खास डिश से कीजिए मेहमानों का स्वागत

Kunafa Recipe: ईद पर बनाइए अरेबिक डिश कुनाफा, सेवईं से बनी खास डिश से कीजिए मेहमानों का स्वागत
X

Eid, Arabic Dish Kunafa

Kunafa Recipe - Make 'Arabic dish Kunafa' : ईद और सेवईं का रिश्ता बहुत गहरा है। बिना सेवईं ईद अधूरी है। इसी सेवईं से बनी एक खास अरेबिक रेसिपी है 'कुनाफा'। क्रीमी-चीज़ी शाही केक जैसे अवतार में जब सेवईं सामने आती है न, मुंह में पानी आ जाता है। ये रेसिपी विदेशी ज़रूर है लेकिन इसे बनाना बेहद आसान है। आइए जानते हैं कुनाफा कैसे बनाते हैं...

कुनाफ़ा बनाने के लिए हमें चाहिए

  • दूध - एक कप
  • कॅार्न फ्लोर-आधा छोटा चम्मच
  • शक्कर - 1 कप
  • पानी- आधा कप
  • गुलाब जल- 1 बड़ा चम्मच
  • लच्छेदार सेवईं- 2 कप
  • अनसाॅल्टेड बटर- 2 टेबल स्पून
  • घी - 3 टी स्पून
  • काजू - 1 छोटा चम्मच,छोटे टुकड़ों में
  • बादाम - 1 छोटा चम्मच, बारीक कटा हुआ
  • किशमिश- 10 से 12
  • मोज़ेरेला चीज़ - 1 कप
  • पिस्ता - बारीक कटा, गार्निश करने के लिए

कुनाफा ऐसे बनाएं

1. सबसे पहले एक पैन में दूध गर्म करने के लिए चढ़ाएं। हल्का सा गर्म हो तो दो-तीन चम्मच दूध एक कटोरी में निकालें और इसमें कॅार्न फ्लोर मिक्स करें। जब यह अच्छी तरह घुल जाए तो इसे दूध में पलट दें। धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक उबालें। जब दूध गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें।

2. एक दूसरे पैन में शक्कर और पानी मिलाकर गर्म करें। एक तार की चाशनी या चिपचिपा सा शुगर सीरप तैयार करें। जब चाशनी बनने को हो जाए तब इसमें गुलाब जल डालकर आंच बंद कर दें।

3. एक बड़े कटोरे में सेवईं, पिघला हुआ बटर और घी एकसाथ मिक्स कर लें।सेवई को हल्का सा क्रश करें। ज्यादा न तोडे़। अब इसमें सारे ड्राई फ्रूट्स मिक्स करें।

4. एक बेकिंग ट्रे लें और इसमें सेवई की पहली परत डालें। इसके ऊपर तैयार किया हुआ आधा गाढ़ा दूध फैलाएं। अब सेवईं की एक और परत बिछाएं। फिर बाकी का दूध फैलाएं। फिर सेवई की आखिरी परत बिछाएं और हल्के हाथों से प्रेस करें। आखिर में सबसे टाॅप पर चीज़ ग्रेट करके डालें। अब इसे माइक्रोवेव में 180 डिग्री सेंटीग्रेड पर 15 मिनट के लिए या गोल्डन कलर आने तक पकाएं।

5. माइक्रोवेव से कुनाफा बाहर निकालें।इसे एक प्लेट में निकालें। चम्मच से शुगर सीरप पूरे कुनाका पर फैलाएं। पिस्ते से गार्निश कर सर्व करें। बेहद लज़ीज़ कुनाफ़ा पेश कर आप मेहमानों का दिल जीत लेंगे।

Tags

Next Story