Begin typing your search above and press return to search.

Iron Deficiency : औरों के मुकाबले लगती है ज्यादा ठंड तो हो सकती है आयरन की कमी, खानपान में शामिल करें ये चीज़ें...

Iron Deficiency : औरों के मुकाबले लगती है ज्यादा ठंड तो हो सकती है आयरन की कमी, खानपान में शामिल करें ये चीज़ें...
X
By Divya Singh

Iron Deficiency: इस बार ठंड उम्मीद से कम है। स्वेटर, शाॅल से लैस होकर निकलने की नौबत अभी नहीं आई है। इसके बावजूद कुछ लोगों को बाकियों से ज्यादा ठंड महसूस करते देखा जा सकता है। इसका एक बड़ा कारण शरीर में आयरन की कमी होना हो सकता है। दरअसल आयरन की कमी होने पर शरीर बाॅडी की ज़रूरत के अनुसार हीट पैदा नहीं कर पाता है। इसलिए जो लोग ऐसा महसूस करते हों कि उन्हें ज़रूरत से ज्यादा ठंड लगती है उन्हें अपनी डाइट में आयरन रिच फूड बढ़ाने चाहिए। ऐसे फूड आइटम्स कौन से हैं, आइए जानते हैं। पर पहले समझ लेते हैं ज्यादा ठंड महसूस करने के पीछे का साइंस।

आयरन की कमी ऐसे बनती है ठंड लगने की वजह

विभिन्न पोषक तत्वों की शरीर को अलग-अलग वजहों से ज़रूरत होती है। आयरन की आवश्यकता शरीर को हीमोग्लोबिन बनाने के लिए होती है। यह रेड ब्लड सेल्स में पाया जाता है जो शरीर के विभिन्न हिस्सों में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करती हैं। वहीं जब खून में पर्याप्त आयरन नहीं होता है तो एनीमिया की स्थिति पैदा होती है। इससे जहां खून कम बनता है,ठंड ज्यादा महसूस होती है। वहीं रेड ब्लड सेल्स के लिए विभिन्न अंगों और ऊतकों तक ऑक्सीजन पहुंचाना भी कठिन हो जाता है। इससे भी शरीर के अंदर पर्याप्त गर्मी की कमी हो जाती है। साथ ही इससे थायरॉइड ग्लैंड पर भी असर पड़ता है और इस वजह से भी शरीर पर्याप्त मात्रा में हीट नहीं बना पता है।

आयरन की कमी से होती हैं ये अन्य समस्याएं

ठंड ज्यादा लगने के अलावा भी आयरन की कमी से शरीर को अनेक अन्य परेशानियां भी झेलनी पड़ती हैं। एनीमिया से ग्रस्त होने पर मामूली कामकाज में भी अधिक थकान लगती है। कुछेक सीढ़ियां चढ़ने में सांस फूलने लगती है। दिल की धड़कनें जब-तब तेज हो जाती हैं। एकाग्रता की कमी, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द, एंठन, तनाव, बालों का झड़ना, कमज़ोर नाखून आदि लक्षण बताते हैं कि आपके शरीर में आयरन की कमी है।

ये आयरन रिच फूड होंगे फायदेमंद

1. पालक - पालक में भरपूर आयरन होता है। इसमें फोलेट जैसे आवश्यक पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन के लिए जरूरी है। साथ ही पालक में विटामिन सी से भी पाया जाता है जो विभिन्न खाद्य पदार्थों में मौजूद आयरन के अवशोषण में मदद करता है।

2. अनार - अनार आयरन का एक बेहद महत्वपूर्ण स्रोत है। अनार के दाने खाने या इसके जूस का सेवन करने से हीमोग्लोबिन के स्तर में सुधार होता है। वहीं पालक की तरह यह भी विटामिन सी से भरपूर होता है और आयरन के अवशोषण को बढ़ाने में मददगार है।

3. चुकंदर - आयरन से भरपूर लाल-लाल चुकंदर के सेवन से आपको हीमोग्लोबिन लेवल मे सुधार करने में बहुत मदद मिलेगी।

4 . खट्टे फल - संतरे-नींबू आदि खट्टे फल विटामिन सी से भरपूर होते हैं जो आयरन के अवशोषण को बढ़ाने में मददगार है।

5. सेब - सेब का सेवन करने से शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ता है।

6. किशमिश - किशमिश आयरन का अच्छा सोर्स है। खून की कमी दूर करने में किशमिश बेहद फायदेमंद होती है।

7. पिस्ता - पिस्ते में आयरन की मात्रा भरपूर होती है। इसका सेवन भी लाभदायक है।

8 . जामुन - जामुन विटामिन सी और आयरन से भरपूर होता है। ये पोषक तत्व शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करते हैं।

9. अंडा- रोजाना एक अंडा खाने से शरीर में एनीमिया की कमी को दूर कर सकते हैं।

10. रेड मीट - नाॅनवेजीटेरियन लोगों के लिए रेड मीट हीमोग्लोबिन बढ़ाने का बहुत अच्छा ज़रिया हो सकता है।

11. अंजीर - अंजीर का सेवन भी हीमोग्लोबिन बढ़ाता है। आप रोज दो अंजीर गलाकर भी खा सकते हैं।

Divya Singh

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story