How To Get Max Benefits From Pulses: ऐसे बनाएंगे दाल तो न बनेगी गैस और न ही होगा एंटी न्यूट्रिएंट्स का खतरा
How To Get Max Benefits From Pulses: दाल के सभी पोषक तत्व हमें मिलें और दाल खाने के बाद गैस भी न बने, जैसी कि समस्या कुछ लोगों के साथ होती है, इसके लिए दाल बनाने का सही तरीका पता होना चाहिए। चलिए जानते हैं दाल बनाने का सही तरीका क्या है।

How To Get Max Benefits From Pulses: वेजिटेरियन्स के रोज़ाना के खानपान में दालों का खास रोल है। दालें प्रोटीन और फाइबर का तो बहुत अच्छा सोर्स हैं ही, इनसे फोलेट, आयरन, जिंक और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स भी मिलते हैं। लेकिन दाल के ये सभी पोषक तत्व हमें मिलें और दाल खाने के बाद गैस भी न बने, जैसी कि समस्या कुछ लोगों के साथ होती है, इसके लिए दाल बनाने का सही तरीका पता होना चाहिए। चलिए जानते हैं दाल बनाने का सही तरीका क्या है।
दाल को धोएं दो से तीन बार
दाल कोई भी हो, उसे बनाने से पहले दो से तीन बार ज़रूर धोएं। दाल को हाथों से रब करते हुए धोएं। कई बार दाल में सेपोनिन ज्यादा होते हैं। बताते चलें कि सैपोनिन्स पौधों के सेक्योरिटी गार्ड की तरह के नेचुरल एंजाइम होते हैं जो पौधे की संक्रमण, रोगाणुओं से रक्षा करते हैं। सेपोनिन्स हमारे लिए खतरनाक नहीं होते लेकिन इनकी बहुत ज्यादा मात्रा होना भी नुकसानदायक हो सकता है। ये कुछ पोषक तत्वों के एब्ज़ार्पशन में बाधा डाल सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ खास नहीं करना। बस दाल को दो से तीन बार अच्छी तरह धो लेना है और भिगो कर रखना है।
दाल भिगोने के बाद उसका पानी फेंके
आपने जिस पानी में दाल को भिगोकर रखा है, उस पानी का इस्तेमाल दाल को पकाने के लिए ना करें। डाइटिशियन प्रेरणा के अनुसार इस पानी को फेंक दें और नया ताजा पानी डालकर दाल पकाएं। ताजे पानी में पकाने से दाल में मौजूद एंटी न्यूट्रिएंट्स कम हो जाते हैं।
भिगो कर रखने के लाभ
रोजाना बनने वाली दालें जैसे अरहर, मूंग दाल, मसूर दाल आदि को धोने के बाद कम से कम 20 से 30 मिनट भिगोकर रखना चाहिए। इससे न केवल पकाते समय दाल बहुत अच्छी तरह गलती है, जल्दी पकती है बल्कि 40 से 60% तक सेपोनिन्स भी कम हो जाते हैं।
गैस नहीं बने, इसके लिए करें ये काम
आयुर्वेद के अनुसार दाल वात कारक है। यानी दाल को खाने से पेट में गैस बन सकती है। आपने बहुत से लोगों से यह कहते सुना भी होगा कि मुझे खाने में दाल ना दें क्योंकि दाल से मुझे गैस बनती है। दाल खाने से पेट में गैस न बने इसके लिए दाल में कुछ मसाले डालने चाहिए। आप दाल में तड़का लगाते समय जीरा, अजवाइन, हींग और यदि पसंद करते हैं तो अदरक का प्रयोग ज़रूर करें। इससे दाल सुपाच्य बनती है और पेट में गैस भी नहीं बनती।
