Frooty delight recipe : टेस्टी-क्रीमी मिल्क के साथ फ्रूट्स की गुडनेस, लीजिए फ्रूटी डिलाइट रेसिपी का स्वाद...

Frooty delight recipe : बच्चों को गर्मी में चाहिए कोई चिल्ड रिफ्रेशिंग आइटम और मम्मा को एड करनी हो फ्रूट्स की गुडनेस तो ऐसे में बात बनेगी फ्रूटी डिलाइट से। ये आसान डेज़र्ट इतना स्वादिष्ट है कि बच्चे बार-बार मांगेंगे। और बड़े भी बड़प्पन छोड़कर ग्लास दोबारा आगे बढ़ा देंगे। तो फिर देर किस बात की, पढ़िए रेसिपी और दिल जीत लीजिए अपनों का।
इसे बनाने के लिए आपको चाहिए
- फुल क्रीम दूध - 1 लीटर
- शक्कर - आधा कटोरी
- कॉर्नफ्लोर - 2 छोटे चम्मच
- इलायची - 1
- मौसमी फल - केला, चीकू, अंगूर, सेब बारीक कटे हुए
ऐसे बनाएं फ्रूटी डिलाइट
1. फ्रूटी डिलाइट बनाने के लिए एक भारी तली के बर्तन में दूध उबलने के लिए रखें। जब दूध उबल कर तीन चौथाई रह जाए, तब शक्कर मिलाकर लगातार चलाएं।
2. अब एक कटोरी में 4 छोटे चम्मच दूध निकालें और इसमें कॉर्नफ्लोर घोल लें। इसे उबलते हुए दूध में डाल कर 1 मिनट मिलाएं। अब इसमें इलायची पावडर मिलाएं और गैस बन्द करके दूध ठंडा होने के लिए रख दें।
3. दूध के रूम टेंपरेचर पर आने के बाद इसे ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें।
4. इस बीच में सभी मौसमी फलों को एकदम बारीक काट लें। अब एक ग्लास में बारीक कटे मिक्स फल आधी दूरी तक भर दें। बाकी आधा ग्लास तैयार ठंडे दूध से भर दें। आपका फ्रूटी डिलाइट तैयार है। आप चाहें तो ग्लास को टूटी फ्रूटी या चेरी से गार्निश कर सकती हैं। यह बच्चों को बहुत ज्यादा पसंद आता है और पौष्टिक भी बहुत है।
