Begin typing your search above and press return to search.

Foods For Better Digestion In Summer: गर्मी में डाइजेशन रहेगा बढ़िया, खाने में शामिल कीजिये ये चीज़ें...

Foods For Better Digestion In Summer: गर्मी में डाइजेशन रहेगा बढ़िया, खाने में शामिल कीजिये ये चीज़ें...

Foods For Better Digestion In Summer: गर्मी में डाइजेशन रहेगा बढ़िया, खाने में शामिल कीजिये ये चीज़ें...
X
By Divya Singh

Foods For Better Digestion In Summer: गर्मी में खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है क्योंकि इस दौरान पाचन जल्दी बिगड़ता है। गर्मी में ज़रा सी लापरवाही भी भारी पड़ जाती है और पेट खराब हो जाता है। इस मौसम में उल्टी-दस्त के मरीज भी बढ़ जाते हैं। फूड प्वाइज़निंग के मामले भी खूब आते हैं। इसलिए गर्मी में खानपान का ख्याल रखना बेहद ज़रूरी है। हम यहां आपको ऐसी चीज़ों के बारे में बता रहे हैं जो गर्मी के मौसम में आपका डाइजेशन बढ़िया रखेंगी। इन्हें खानपान में शामिल कीजिये और स्वस्थ रहिये।

छाछ

गर्मी में आपका डाइजेशन बढ़िया रहे और पेट खराब ना हो इसके लिए बहुत आसान उपाय है कि आप नियमित रूप से कम से कम एक गिलास छाछ का सेवन जरूर करें। छाछ बाॅडी को हाइड्रेट रखती है। छाछ को पचाना भी आसान होता है साथ ही यह पेट में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाती है। जिससे संपूर्ण पाचन प्रक्रिया बेहतर होती है। अगर किसी को लूज मोशन हो रहे हैं तो उसे तो छाछ से बहुत ही अधिक फायदा होता है। छाछ के सेवन से पेट का संक्रमण ठीक होता है।

हरी सब्जियां

गर्मी में अपनी डाइट में ज्यादा से ज्यादा हरी सब्जियों को शामिल करें। हरी पत्तेदार सब्जियां, टमाटर, लौकी, कद्दू, तोरई, पत्ता गोभी, ब्रोकली, गाजर जैसी सब्जियां पाचन को बेहतर रखने में बहुत मददगार है। इनमें भरपूर फाइबर भी होता है। साथ ही ऐसे अनेक पोषक तत्व होते हैं जो आंतो के स्वास्थ्य को बढ़िया रखते हैं।

तरबूज और खरबूज

तरबूज और खरबूज में पानी की मात्रा अधिक होती है। इसलिए ये शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। साथ ही इनमें फाइबर भी भरपूर होता है , जिससे पाचन क्रिया भी सुचारू रूप से चलती है।

सेब

गर्मियों में सेब का सेवन बेहद फायदेमंद है ।सेब में पेक्टिन की उच्च मात्रा होती है, जो एक प्रकार का घुलनशील फाइबर है। यह आंतों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाता है। सेब में भरपूर पानी होता है जो इसे गर्मियों के लिए आदर्श फल बनाता है। यह शरीर को ठंडक देता है साथ ही सेब में नेचुरल शुगर होती है जो हमें एनर्जी देती है इसलिए गर्मियों में सेब का सेवन जरूर करना चाहिए।

केला

गर्मियों में पेट को हेल्दी रखने के लिए आप हर दिन एक केला जरूर खाएं। डायरिया होने पर केला खासकर बहुत राहत देता है। यह पेट को बांधता है।

सलाद

गर्मियों में पानी से भरपूर खीरा, ककड़ी, टमाटर आदि चीज़ों का सलाद ज़रूर खाएं। पानी से भरपूर इन चीज़ों से पेट को ठंडक मिलती है और हाइड्रेशन भी बेहतर रहता है इससे गर्मियों के दौरान अपच,गैस , ब्लोटिंग और एसिडिटी जैसी समस्याएं नहीं होती।

पुदीना

पुदीना तो गर्मियों का खास तोहफा है। पुदीने की तासीर काफी ठंडी होती है, इसलिए गरमी में यह पेट के लिए बेहद फायदेमंद होता है। आप आम की चटनी,पना आदि बनाने में पुदीने का इस्तेमाल कर सकते हैं।

पपीता

गर्मी में पपीते का सेवन बहुत फायदेमंद होता है इसमें भरपूर पानी, विटामिन ए और विटामिन सी जैसे तत्व होते हैं जो पाचन को तो बढ़िया रखते ही हैं साथ ही इम्यूनिटी भी बढ़ाते हैं जिससे इस दौरान बीमारियों से आपका बचाव होता है और स्किन भी बढ़िया रहती है। एक बात का ध्यान रखें की गर्मी में पपीते का सेवन सीमित मात्रा में करें।

शकरकंद

फाइबर से भरपूर शकरकंद का सेवन भी गर्मियों में फायदेमंद है। इससे भरपूर पोषण तो मिलता ही है साथ ही पेट भी देर तक भरा रहता है। मिठास लिए हुए शकरकंद मन को तृप्ति भी देते हैं। उबालकर या भून कर शकरकंद का सेवन आप जरूर करें।

नींबू पानी और अन्य पेय

गर्मी के मौसम का सामना करने के लिए आप अपनी डाइट में नींबू पानी, नारियल पानी, आम का पना जैसी चीज़ें शामिल करें। ये गर्मी से आपका बचाव करती हैं। शरीर में पानी की कमी नहीं होने देतीं। पेट को ठंडक पहुंचाती हैं और लू से भी बचाव करती हैं।

लहसुन

लहसुन में एलिसिन और सल्फर जैसे कंपाउंड पाए जाते हैं जिनमें एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण पाए गए हैं। लहसुन पेट में हेल्दी बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा देते हैं।

अदरख

अदरक के सेवन से जिंजरोल नमक तत्व मिलता है जिसमें सूजनरोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। अदरक के सेवन से आंतों का स्वास्थ्य बढ़िया रहता है। अदरक पाचन एंजाइमों के उत्पादन को बढ़ाती है और मतली और सूजन को कम करके पाचन में सुधार करती है।

मेवे और बीज

गर्मियों में ड्राई फ्रूट्स और सीड्स को रात भर भिगोकर सुबह खाना बेहद फायदेमंद है। साथ ही आप सीड्स का सेवन भी कर सकते हैं। इनमें भरपूर फाइबर, प्रोटीन और हेल्दी फैट होते हैं जो आंत के स्वास्थ्य को बनाए रखते हैं, कब्ज से राहत देते हैं और हेल्दी बैक्टीरिया को पोषण देते हैं जिससे डाइजेशन बढ़िया रहता है।

सौंफ

गर्मियों में सौंफ का सेवन ज़रूर करें। यह पाचक एंजाइमों के उत्पादन को बढ़ावा देती है। सौंफ़ में फाइबर और विटामिन्स - मिनरल्स के साथ और एंटीस्पास्मोडिक गुण होते हैं जो पेट की सूजन, मरोड़ जैसी दिक्कतों को कम करते हैं। सौंफ पाचन क्रिया को मजबूत बनाती है।

हींग

हींग पेट की समस्याओं के लिए लाभदायक घरेलू औषधि है। आप हींग का खाना बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं साथ ही पानी में घोलकर भी हींग का सेवन कर सकते हैं। हींग गैस को कम करने के साथ साथ पाचन में सुधार करती है।

साबुत अनाज

गर्मी के मौसम में अपने नाश्ते में साबुत अनाज का सेवन करें। साबुत अनाज जैसे काले चने, जौ, क्विनोआ, ब्राउन राइस, लोबिया आदि पाचन तंत्र में हानिकारक बैक्टीरिया के विकास को धीमा करते हैं। साथ ही इनमें भरपूर फाइबर होता है जिससे पाचन अच्छा रहता है और कब्ज से भी राहत मिलती है।

सत्तू

गर्मी में सत्तू का सेवन ज़रूर करें। चने का सत्तू खाने से शरीर को ठंडक मिलती है। सत्तू में फाइबर होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और कब्ज, गैस, और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। सत्तू के सेवन से लू से बचाव होता है, डिहाइड्रेशन से राहत मिलती है और पाचन क्रिया भी बेहतर होती है। आप सत्तू को पानी में घोलकर, गुड़ या मिश्री डालकर नाश्ते में खा सकते हैं या फिर इसका शर्बत बनाकर भी पी सकते हैं।

खिचड़ी

मूंग दाल और चावल की खिचड़ी गर्मी में पाचन को सही रखने के लिए बेस्ट कुक्ड फूड्स में से एक हैं। इसके सेवन से उल्टी-दस्त से पीड़ित व्यक्ति को भी बहुत राहत मिलती है। हल्के डिनर के लिए भी मूंग दाल खिचड़ी एक बेहतरीन ऑप्शन है। आप क्विनोआ का इस्तेमाल खिचड़ी बनाने के लिए कर सकते हैं।

दलिया

दलिया, वह भी खास कर छाछ दलिया एक बेहतरीन समर रेसिपी है। यह पाचन को ठीक रखता है, पेट को ठंडक देता है और इसे पचाना भी आसान होता है।

Divya Singh

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story