Bheege Badam Khane Ke Fayde: बादाम हैं दमदार, पांच से सात बादाम रोज़ खाइए, दिमाग दौड़ेगा,बीमारियां भागेंगी दूर...
Bheege Badam Khane Ke Fayde: बादाम हैं दमदार, पांच से सात बादाम रोज़ खाइए, दिमाग दौड़ेगा,बीमारियां भागेंगी दूर...

Bheege Badam Khane Ke Fayde: हर घर में बड़ों के मुंह से सुना जाता रहा है कि बल और बुद्धि दोनों बढ़ानी है तो बादाम खाओ। यह बात सौ फीसदी सच है। बादाम जितना शरीर के लिए फायदेमंद है उतना ही दिमाग के लिए भी। इसमें एक से बढ़कर एक पोषक तत्व हैं। बादाम खाने के कई तरीके हो सकते हैं। चाहे आप भीगे हुए बादाम खाएं, बादाम का दूध पिएं या फिर बच्चे आनाकानी करते हों तो उन्हें आमंड बटर ही क्यों न खिलाएं। जिस भी तरह से खाएं, इसे पेट में पहुंचाएं तो आपका दिल-दिमाग सब फिट रहेगा और बीमारियां कोसों दूर भागेंगी। बहरहाल बादाम खाने का सबसे अच्छा तरीका आज भी भीगे हुए बादाम खाना माना जाता है। तो चलिए जानते हैं इसके खास फायदे।
पाचन के लिए आसान और उपयोगी
भीगे हुए बादामों को पचाना आसान होता है। सूखे बदाम सख्त होते हैं। पानी में गलाने पर ये फूल जाते हैं और आंतों को तकलीफ नहीं देते। साथ ही भीगे बादाम पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित करने में भी मदद करते हैं और चूंकि इनमें भरपूर फाइबर होता है इसलिए ये कब्ज़ पीड़ितों के लिए भी फायदेमंद है।
बेहतरीन ब्रेन फूड हैं बादाम
राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार भीगे बादाम दिमाग के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। भीगे बादाम को डाइट में शामिल करने से एसिटाइलकोलाइन का लेवल बढ़ जाता है। यह याददाश्त को बढ़ाता है। साथ ही इसमें राइबोफ्लेविन और करनीटाइयन जैसे तत्व होते हैं जब ब्रेन सेल को रिपेयर करते हैं। भीगे बादाम में ओमेगा 3 और ओमेगा 6 जैसे फैटी एसिड ब्रेन के लिए अच्छे होते हैं।साथ ही इसमें मौजूद प्रोटीन और विटामिन ई लंबी आयु तक ब्रेन को स्वस्थ रखते हैं और अल्जाइमर, डिमेंशिया जैसी बीमारियों का खतरा भी घटाते हैं। बच्चों को बादाम जरूर दें। इससे उनका फोकस बढ़ता है और वे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।
हृदय रोगों से बचाए
हेल्दी फैट्स, मैग्नीशियम, पोटेशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर बादाम हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। इनकी खास बात यह है कि यह बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं। बेड कोलेस्ट्रॉल हृदय की नसों का ब्लॉक करता है। बादाम के सेवन से यह ब्लॉकेज क्लियर होती है जिससे हार्ट डिजीज का खतरा कम होता है। बादाम खाने से बीपी भी नियंत्रित रहता है।
आंखों के लिए अच्छा
भीगे बादाम आंखों की सेहत के लिए अच्छे होते हैं। इनमें विटामिन ई होता है जो आंखों की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है। बादाम में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है यह आंखों की सूजन कम करता है। बादाम में जिंक भी होता है जो रेटिना को हेल्दी रखता है जिससे लंबे समय तक आपकी दृष्टि अच्छी रहती है।
स्किन के लिए फायदेमंद
बादाम हमारी स्किन के लिए भी बहुत अच्छे हैं। इनकी सबसे बड़ी खासियत है इनमें मौजूद विटामिन ई, जिसे ब्यूटी विटामिन भी कहा जाता है। यह स्किन को एजिंग के लक्षणों से बचाता है और त्वचा को कसावट देता है।
बालों के लिए फायदेमंद
प्रोटीन, विटामिन ई और बायोटीन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर बादाम हमारे स्कैल्प और बालों के लिए बेहद फायदेमंद है। ये बालों की जड़ों को मजबूत करते हैं। स्केल्प की तरफ ब्लड का फ्लो बढ़ाते हैं और बालों का स्वास्थ्य बेहतर करते हैं जिससे बालों के झड़ने और पतले होने से राहत मिलती है।
एनर्जी बढ़ाए
बादाम कार्बोहाइड्रेट का भी अच्छा सोर्स हैं। साथ ही इनमें प्रोटीन और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं जो हमें पर्याप्त एनर्जी देते हैं। जिससे हम घंटों फुर्ती से अपने काम संपन्न कर पाते हैं।
वेट लॉस में मददगार
भीगे हुए बादाम में ऐसे एंजाइम होते हैं जो मेटाबॉलिज्म को बढ़ाते हैं। साथ ही इनमें भरपूर फाइबर होता है इसलिए बादाम के सेवन के बाद आप घंटों पेट भरा हुआ महसूस करते हैं। नतीजतन अनहेल्दी फूड खाने से आपका बचाव होता है और आपको वेट लॉस में मदद मिलती है।
ब्लड शुगर लेवल घटाए
भीगे हुए बादाम के सेवन से डायबिटीज कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है। बादाम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। साथ ही इनमें फाइबर ज्यादा होता है इसलिए इन्हें पचने में समय लगता है और इससे रक्त में शक्कर भी धीमे घुलती है। बादाम के नियमित सेवन से पेन्क्रियाज़ की गतिविधियों में सुधार होता है। इन्सुलिन सेंसटिविटी बढ़ती है और इन्सुलिन रेजिस्टेंस कम होता है। जिसका फायदा डायबिटीज पेशेंट्स को मिलता है।