Begin typing your search above and press return to search.

Achchhi Neend Ke Upay: नींद रहती है उखड़ी-उखड़ी? ये छोटे-छोटे उपाय कर के देखिये, रात को आएगी बेहतर नींद...

Achchhi Neend Ke Upay: नींद रहती है उखड़ी-उखड़ी? ये छोटे-छोटे उपाय कर के देखिये, रात को आएगी बेहतर नींद...
X
By Divya Singh

Achchhi Neend Ke Upay: दिन भर के कामकाज के बाद अच्छी सुकून भरी नींद की चाहत किसे नहीं होती। लेकिन कई बार यही अच्छी नीद दिवास्वप्न बन जाती है। करवटों में बीती रात यानी अगली बोझिल सुबह। हर किसी को अनिद्रा का रोग नहीं होता लेकिन नींद फिर भी बहुतों की उखड़ी-उखड़ी सी रहती है। ऐसे में अपनी जीवनशैली में, व्यवस्थाओं में कुछ मामूली बदलाव कर के देखें, नींद की क्वालिटी ज़रूर सुधरेगी। विशेषज्ञों जिन छोटे-छोटे बदलावों की सलाह देते हैं, वे ये हैं...

ब्रेन डंप करें

सुनने में अजीब लगता है ना कि भला ब्रेन कैसे डंप किया जाएगा?... ये कठिन नहीं है। आपको बस ये करना है कि आपके तूफान की स्पीड से भागते दिमाग में जो भी बातें चल रही हैं, उन्हें कागज़ पर उतार दीजिए। पहली नज़र में आपको ये फालतू की कवायद लगेगी लेकिन अनचाहे ही सही, हफ्ता भर के लिए इसकी प्रेक्टिस कर के देखिए। ये सच में इफेक्टिव है। बिना सीक्वेंस की चिंता किए, अच्छा या बुरा क्या कुछ घटा... यानी कुछ भी जो मन में चलायमान है, उस भीतर की सारी उहापोह को पांच मिनट में पेपर पर लिख डालिए और इस पेपर को मोड़ के फेंक दीजिए। आपको बहुत हल्का लगेगा। इसके बाद सोने जाएंगे तो नींद पक्का अच्छी आएगी।

पसंद की खुशबू को कनपटी या गर्दन पर रब कीजिए

खुशबुएं कमाल करती हैं। ध्यान दीजिये कि कौन सी खुशबू आप को लुभाती है। चाहे वो लेवेंडर की हो या रोज़ की। इनके ऑइल की छोटी सी शीशी खरीद लीजिए। इसकी चंद बूंदें कनपटी पर या गर्दन पर रब कीजिए। या आप अपनी तकिया पर भी कुछ बूंदें डाल सकते हैं। खुशबुएं दिमाग को शांत करती हैं।उस तक संदेश भी भेजती हैं कि अब सोने का समय हो गया। रात को खुशबुओं को अपने संसार में लाकर देखिए... अच्छी नींद आएगी।

टेक्नोलॉजी को कहिए टाटा

हमेशा दी जाने वाली ये एक अच्छी सलाह है, बस जानते हुए भी मन काबू में नहीं रहता। रिमोट, मोबाइल या लैपटॉप हाथों से छूटते ही नहीं। सोने से एक घंटे पहले इन सभी को टाटा कहने का पक्का मन बना लीजिए। दृढ रहिए। नहीं,मतलब नहीं। बुरी आदत ही तो है, कोशिश करेंगे तो ज़रूर छूट जाएगी।

बैडरूम की दीवारों के कलर शांत हों

बैडरूम की दीवारों पर ऐसे कलर होने चाहिए जो दिमाग को शांति का अहसास कराएं। ब्राइट कलर्स आपको एनर्जी से ज़रूर भरते हैं लेकिन वे आराम का, नींद का माहौल नहीं बनाते। इसलिए बैडरूम की दीवारों पर पेंट कराने के लिए पसंदीदा लाइट कलर्स को वरीयता दें।

पर्दों का रंग हो डार्क

बैडरूम की दीवारों पर डार्क कलर के पर्दे होने चाहिए, जो रौशनी का रास्ता रोकें। विशेषज्ञ बताते हैं कि दरअसल हमारी पलकें बहुत पतली होती हैं इसलिए ज़रा सी रौशनी आंखों में चुभ जाती है और नींद में खलल पड़ जाता है। इसलिए संभव हो तो डार्क कलर के पर्दे लगवा लें या फिर आई मास्क का प्रयोग करें।

सोने से पहले ध्यान करें या पढ़ें

आप सोने से पहले पांच-दस मिनट ध्यान लगा सकते हैं या अपनी पसंदीदा किताब के कुछ पन्ने पढ़ें। गरम पानी से स्नान करने से भी सुकून भरी नींद आती है।

बिस्तर आरामदायक हो

आप ज़िदगी को खुशनुमा बनाने के लिए इतना खर्च करते हैं तो नींद को सुखद बनाने के लिए अच्छा बिस्तर तैयार करें। इसके लिए पैसे खर्च करने की मानसिकता बनाएं। आरामदायक बिस्तर चैन की नींद लाने में काफी मददगार होता है।

सोने का समय हो निश्चित

जैसे आपको डेली रुटीन में ज़िम्मेदारियां निभाने के लिए एक तय समय पर सुबह उठना ही होता है, ऑफिस भी तय समय पर जाना होता है, वैसे ही सोने का भी एक तय समय बनाने की कोशिश करें। इससे मस्तिष्क भी समझ जाता है कि अब सोने का समय हो गया। शरीर में इसके लिए मददगार हार्मोन स्रावित होते हैं जो अच्छी नींद लाने में मददगार होते हैं। हां वीकएंड पर थोड़ी ढील तो दी ही जा सकती है।

Divya Singh

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story