ये बन सकते हैं नये सीएम, 3 नाम पर चर्चा, मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद राज्य में गरमाई राजनीति…

नईदिल्ली 26 जुलाई 2021. कर्नाटक की राजनीति में सोमवार को नया मोड़ आ ही गया. बीजेपी नेता और सूबे के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया. इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद एक और दिलचस्प बात यह देखने वाली है कि बीजेपी सूबे की कमान किस नेता को सौंपती है.
राजभवान जाने से पहले उन्होंने कहा कि मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया है…मैं दोपहर को राज्यपाल से मुलाकात करूंगा…येदियुरप्पा ने भावुक होते हुए कहा कि दोपहर के भोज के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौपेंगे.
आपको बता दें कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा का इस्तीफा तब हुआ है, जब आज ही कर्नाटक की भाजपा सरकार को दो साल पूरे हुए हैं. येदियुरप्पा ने इस्तीफे के फैसले के बाद कहा कि उन्हें कर्नाटक के लोगों के लिए काफी काम करना है. हम सभी को मेहनत के साथ काम करने की जरूरत है…वह हमेशा अग्निपरीक्षा से गुजरे हैं.
येदियुरप्पा ने भावुक होते हुए एवं रुंधे गले से कहा कि मैं दु:खी होकर नहीं, बल्कि खुशी से ऐसा कर रहा हूं… येदियुरप्पा ने 75 साल से अधिक आयु होने के बावजूद उन्हें दो साल मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का धन्यवाद किया..
कौन होगा अगला मुख्यमंत्री : अब अगले मुख्यमंत्री पर सबकी नजर टिकी हुई है. अमित शाह और जेपी नड्डा इसपर चर्चा भी कर रहे हैं. न्यूज चैनल आजतक के अनुसार तीन नाम रेस में हैं. पहला नाम बसवराज बोम्मई का है, जो लिंगायत समुदाय से संबंध रखते हैं. वर्तमान में वे कर्नाटक सरकार में गृह मंत्री होने के साथ-साथ संसदीय कार्य मंत्री और कानून मंत्री भी हैं. दूसरे नाम की बात करें तो ये विश्वेश्वरा हेगड़े कगेरी का है, जो ब्राह्मण हैं. वे कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष पद पर काबिज हैं. तीसरा नाम केंद्रीय कोयला खनन मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्रलाद जोशी का है. खबरों की मानें तो RSS भी येदियुरप्पा की जगह लिंगायत समुदाय से ही आने वाले किसी और मंत्री या विधायक को मुख्यमंत्री बनाना चाहता है.
