Begin typing your search above and press return to search.

वैक्सीन लगवाओ, मुफ्त बियर पाओ: ऑफर मिलते ही लगी भीड़, जानिए कहां हो रहा है ऐसा

वैक्सीन लगवाओ, मुफ्त बियर पाओ: ऑफर मिलते ही लगी भीड़, जानिए कहां हो रहा है ऐसा
X
By NPG News

नईदिल्ली 19 मई 2021। कोरोना महामारी को खत्म करने के लिए दुनियाभर में इस समय टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। कई जगह टीकों के लिए मारामारी हो तो कहीं लोग वैक्सीन लगवाने से हिचक भी रहे हैं। इस बीच अमेरिका में लोगों को टीका लगवाने को प्रेरित करने के लिए मुफ्त बीयर का ऑफर भी दिया जा रहा है। ऐसे देशों में इस्राइल, ब्रिटेन व अमेरिका शामिल हैं। टीकाकरण को प्रोत्साहित करने के लिए अब आकर्षक ऑफर भी दिए जा रहे हैं।

ऐसा ही लुभावना ऑफर अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी की मेयर मुरील बोसर ने दिया है। उन्होंने कहा-वैक्सीन लगवाओ, मुफ्त बियर पाओ। बोसर ने ट्वीट कर बताया कि 21 साल और उससे ज्यादा के सभी लोगों को कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाने पर बियर मुफ्त मिलेगी। इसके बाद तो टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ लगने लगी है। बता दें, अमेरिका महामारी के मामले में नंबर वन है, लेकिन इसके साथ ही वह उसे मात देने वाले देशों में भी अव्वल है। वहां 36 फीसदी से ज्यादा को टीके लगने के बाद मास्क की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। देश में अब तेजी से चहल-पहल बढ़ रही है। रेस्टोरेंट, बार, जिम भी खुल गए हैं।

वॉशिंगटन डीसी में जहां 21 साल से ज्यादा उम्र वालों को टीका लगवाने के बाद मुफ्त बियर दी जा रही है, वहीं मैरीलैंड की राज्य सरकार कर्मचारियों को वैक्सीन लगवाने पर 100 डॉलर तक दे रही है। उधर, डेट्रॉयट में 50 डॉलर दिए जा रहे हैं तो न्यू जर्सी में एक डोज के बदले एक बियर केन, मिशिगन में गांजा मुफ्त दिया जा रहा है। अमेरिका में कुछ कंपनियां टीका लगवाने पर अपने कर्मचारियों को दो दिन की छुट्टियां दे रही हैं। वहीं कुछ अन्य कंपनियां 100 फीसदी कर्मचारियों को टीका लगवाने पर कंपनियों को टैक्स में छूट दे रही हैं। यहां तक कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों को बगैर अल्कोहल युक्त बियर का ऑफर दिया जा रहा है।

Next Story