ससुर और बहू की मिली लाशः दोनों के बीच था प्रेम संबंध, परिजनों को पता चला तो दोनों ने छोड़ दिया था घर….

बिलासपुर 4 सितंबर 2021। चार महिनों से गायब ससुर और बहू की फांसी के फंदे पर झूलती हुई लाश मिली है। बताया जा रहा हैं, दोनों के बीच नाजायज संबंध थे, इसी के चलते दोनों ने घर भी छोड़ दिया था। शुक्रवार को एक पेड़ पर दोनों का शव फंदे पर लटकता पाया गया। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के मुताबिक घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के कनेरी गांव की है। मृतक का नाम खेलू राम केवट 52 वर्ष, मृतिका गीता केवट 36 वर्ष है। मृतिका बहू मृतक खेलू राम के भतीजे की पत्नी थी। बताया जा रहा हैं कि, मृतिका का अपने चाचा ससुर के साथ प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई थी, तो उस समय दोनों परिवार के बीच काफी विवाद भी हुआ था। विवाद के कुछ दिनों बाद मार्च महीने में दोनों गांव छोड़कर कहीं चले गये थे।
चार महीने बाद शुक्रवार को दोनों की लाश गांव के ही एक पेड़ पर लटकी मिली। सुबह जब ग्रामीणों ने शव को लटके देखा तो इसकी जानकारी चकरभाटा पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को फंदे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं शव के पास से पुलिस को कोई सुसाईड नोट बरामद नहीं हुआ है। गीता के दो बच्चे है, जिनमें एक 6 साल का, दूसरा 4 साल का है। पति मानसिक रूप से कमजोर है, जिसका उपचार चल रहा है। वहीँ खेलू राम के 5 बड़े बड़े बच्चे है और कुछ सालों पहले ही उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।