बहू समेत चार लोगों की हत्या करने वाले पूर्व फौजी ने जेल में दी जान… जेल के टॉयलेट में फंदा लगाकर की आत्महत्या

गुड़गांव 5 अक्टूबर 2021. दिल्ली से सटे गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क इलाके में 23 अगस्त 2021 रात को अपनी बहू समेत चार लोगों की हत्या करने के आरोपी पूर्व फौजी राव राय सिंह ने आज संदिग्ध परिस्थितियों में भोंडसी जेल में आत्महत्या कर ली। जेल प्रशासन द्वारा इस बारे में पुलिस को दी गई सूचना के बाद घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। इधर खबर मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल एक टीम इस मामले की जांच कर रही है। आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. आपको बता दें कि मृतक राय सिंह यादव राजेंद्रा पार्क में 4 लोगो की बेरहमी से हत्या मामले का मुख्य आरोपी था।
बताया जा रहा है कि इकलौते बेटे आनंद पर जांच के लिए दबाव बढ़ रहा था। सुनीता के परिजनों ने आनंद पर भी हत्या का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रॉपर्टी विवाद को कारण बताया था। आपको बता दें कि हरियाणा के गुरुग्राम में 24 अगस्त को देर रात रिटायर्ड फौजी ने अपनी बहू और किराएदार के बीच अवैध संबंधों के शक में बच्ची समेत चार लोगों को बेरहमी से काट डाला था। 65 वर्षीय सेवानिवृत्त फौजी राव राय सिंह ने पुत्रवधू सुनीता यादव (35), किराएदार कृष्ण तिवारी (40), उसकी पत्नी अनामिका तिवारी (34) और बेटी सुरभि (7) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी। हमले में किराएदार की तीन साल की बेटी विधि घायल हुई थी।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी और खुद उसके राधा कृष्ण मंदिर वाली गली में बने मकान पर पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक, मकान की पहली मंजिल पर राय सिंह की पत्नी व पोती जीवित मिले, जबकि पुत्रवधू सुनीता वहीं मृत पड़ी थी। दूसरी मंजिल पर किराएदार कृष्ण, उसकी पत्नी सुरभि और दो बेटियां लहूलुहान मिले। इनमें छोटी विधि को सेक्टर 10 के नागरिक अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था। फिलहाल वह ठीक है।
