
नईदिल्ली 9 अगस्त 2021. भारत में रह रहे विदेशी नागरिक भी अब वैक्सीनेशन के लिए कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकते है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में रहने वाले विदेश नागरिकों के वैक्सीनेशन के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अनुमति देने का फैसला किया है. भारत सरकार ने सोमवार को इसकी जानकारी दी है. बताया गया कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में रहने वाले विदेशी नागरिकों को कोविड वैक्सीन लेने के लिए कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन पंजीकरण कराने की अनुमति दे दी है. विदेश नागरिक कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए अपने पासपोर्ट (Passport) का उपयोग आईडी के रूप में कर सकते हैं. इस पोर्टल पर रजिस्ट्रर्ड होने के बाद उन्हें वैक्सीनेशन के लिए एक स्लॉट मिलेगा. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि देश में टीकाकरण का आंकड़ा 51 करोड़ को पार कर गया है.
इन सबके बीच न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि देश को इस हफ्ते कोरोना रोधी छठी वैक्सीन मिलने की उम्मीद है. भारत के दवा नियामक (DCGI) से इस हफ्ते जायडस कैडिला की वैक्सीन को आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिल सकती है. कंपनी ने इस मंजूरी के लिए पिछले महीने आवेदन किया था. यह तीन डोज की वैक्सीन है. अहमदाबाद स्थित दवा कंपनी जायडस कैडिला ने इस वैक्सीन के लिए देश में सबसे ज्यादा पचास केंद्रों पर परीक्षण किया है. इस वैक्सीन का 12-18 आयुवर्ग के किशोरों पर भी ट्रायल किया गया है.
