Begin typing your search above and press return to search.

पहली बार कोरोना के 62 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज…अकेले इस राज्य में ही 37,000 मरीज… करीब 300 लोगों की एक दिन में गई जान

पहली बार कोरोना के 62 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज…अकेले इस राज्य में ही 37,000 मरीज… करीब 300 लोगों की एक दिन में गई जान
X
By NPG News

नईदिल्ली 27 मार्च 2021। देश में कोरोना के आंकड़े डराने वाली दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को 62,276 नए मरीज मिले। 30,341 ठीक हुए और 292 की मौत हो गई। सबसे ज्यादा खराब हालात महाराष्ट्र के हैं। यहां एक ही दिन में 36,902 संक्रमित मिले हैं। यह आंकड़ा 11 सितंबर को आए पहले पीक से भी डेढ़ा गुना है। तब यहां 24,886 केस आए थे। देश में अब तक 1.19 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब 1.13 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1,61,275 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 4.49 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं। पिछले पांच महीनों में कोरोना के इतने ज्यादा मामले नहीं देखे गए थे। इतना ही नहीं देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या भी साढ़े चार लाख को पार कर गई है। वहीं, बीते 24 घंटों में कोरोना के कारण 291 लोगों ने दम तोड़ा है।

शनिवार को जारी किए गए स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना से कुल 1 करोड़ 19 लाख 8 हजार 910 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 12 लाख 9 हजार 23 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। बीते 24 घंटों में 30,386 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं कोरोना के ऐक्टिव मरीजों में 31 हजार 581 नए मामले जुड़ गए हैं। वहीं, भारत में अभी कोरोना से रिकवरी की दर 94.85 प्रतिशत है।

आईसीएमआर के मुताबिक, भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 23 करोड़ 97 लाख 69 हजार 553 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख 64 हजार 915 सैंपल कल टेस्ट किए गए हैं। अबतक देश में कोरोना की वजह से 1 लाख 61 हजार 240 लोगों ने जान गवाई है। फिलहाल देश में कोरोना वायरस के 4 लाख 52 हजार 647 है। वहीं, 5,81,09,773 लोगों को अब तक कोरोना वैक्सीन दी जा चुकी है।

Next Story