रायपुर, 18 फरवरी 2020। खाद्य सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों और अपैक्स बैंक के प्रबंध संचालक को पत्र भेज कर खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 के अंतिम दिनों में धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए है। कलेक्टरों को जारी पत्र में कहा है कि समितियों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि 20 फरवरी निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा है कि गत वर्षो में प्रायः देखा गया है कि धान खरीदी के अंतिम दिनों में खरीदी केन्द्रों में ज्यादा मात्रा में धान आने की संभावना होती है इस दौरान अवांछित तत्वों द्वारा अवैध रूप से धान खपाने का प्रयास किया जाता है। अतः खरीदी के अंतिम दिनों में खरीदी केन्द्रों में किसानों से सुव्यवस्थित रूप से धान खरीदी करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने कहा गया है।

खाद्य सचिव ने खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में खरीदी के लिए खरीदी केन्द्रों में धान लाने के लिए टोकन 19 फरवरी तक जारी किया जाए। धान खरीदी केन्द्रों में लाए गए धान की तौलाई एवं एंट्री का काम 20 फरवरी तक अनिवार्य रूप से कर लिया जाए। नोडल अधिकारी द्वारा 20 फरवरी को खरीदी केन्द्रों में भ्रमण कर धान खरीदी का स्टाक का भौतिक सत्यापन कर कुल धान खरीदी की मात्रा एवं धान बेचने वाले कुल किसानों की संख्या की जानकारी कलेक्टर को उपलब्ध कराए जाए। कलेक्टर द्वारा जिले के सभी केन्द्रों से नोडल अधिकारी से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर 20 फरवरी की स्थिति में जिले में कुल धान खरीदी की मात्रा एवं कुल धान बेचने वाले किसानों की संख्या की जानकारी निर्धारित प्रारूप में 21 फरवरी तक ई-मेल के माध्यम से अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है।