
श्रीनगर,2 जुलाई 2021। कश्मीर के पुलवामा इलाक़े के हंजिन में कल शाम की घेराबंदी और सुबह से जारी मुठभेड़ के बाद सेना ने लश्कर-ए-तैयबा के पाँच आतंकियों को मार गिराया है। इस कार्यवाही में एक जवान शहीद हुआ है। सोपोर से तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, सेना को पूरे मामले में किंगपिन की तलाश है।
कश्मीर के हंजिन में कल देर शाम सूचना के आधार पर सेना ने इलाक़े की घेराबंदी की थी। सेना को सूचना मिली थी कि इलाक़े में पाँच आतंकवादी मौजुद हैं।शुरुआती फ़ायरिंग में सेना का एक जवान गंभीर रुप से घायल हुआ और शहीद हो गया।
रात होने की वजह से घेराबंदी तगड़ी कर दी गई, पर फ़ायरिंग नहीं हुई। सुबह सेना ने फिर से ऑपरेशन शुरु किया। सेना ने आतंकवादी सहयोगी आमिर के माता पिता को बुला कर आत्मसमर्पण की अपील कराई लेकिन आतंकियों की तरफ़ से जवाब में गोलियाँ आईं। सेना ने इसके बाद फ़ायरिंग शुरु की जिसके बाद पाँच आतंकवादियों के शव बरामद हुए।
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया
“पाँच आतंकवादी मारे गए हैं, इनमें एक पाकिस्तानी आतंकवादी रेहान भी शामिल है,हथियार गोला बारुद और कुछ अभिलेख मिले हैं, ये श्रीनगर पुलवामा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हमले की योजना बना रहे थे”
इसी मामले में सोपोर से सेना ने तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है, जिनसे पूछताछ जारी है, सेना को इस मामले में किंगपिन याने मुख्य सूत्रधार की तलाश है।
