Begin typing your search above and press return to search.

एयरपोर्ट पर फायरिंग : फायरिंग के बाद मची भगदड़ में अब तक 7 लोगों की मौत … काबुल एयरपोर्ट पर देश छोड़ने वालों की भीड़ बेकाबू

एयरपोर्ट पर फायरिंग : फायरिंग के बाद मची भगदड़ में अब तक 7 लोगों की मौत … काबुल एयरपोर्ट पर देश छोड़ने वालों की भीड़ बेकाबू
X
By NPG News

काबुल 22 अगस्त 2021। अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद हालात अबतक सामान्य नहीं हुए हैं. काबुल एयरपोर्ट पर ताजा भगदड़ में 7 लोगों की मौत की खबर है. भगदड़ में लोगों के जान गंवाने की खबर अपने लोगों को निकाल रही ब्रिटिश मिलिट्री ने दी है. भगदड़ में जान गंवाने वाले लोग एयरपोर्ट पर दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे. ब्रितानी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा, ‘‘जमीनी स्थितियां अत्यंत चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन हम अधिक से अधिक सुरक्षित तरीके से हालात को संभालने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।’’ अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद उसके शासन से बचकर भागने की कोशिश में हजारों लोग हवाईअड्डे पर एकत्र हो गए हैं।

इससे पहले, वहां फंसे 107 भारतीयों को लेकर सी-17 ग्लोबमास्टर विमान आज सुबह भारत पहुंचा। यह दिल्ली से सटे गाजियाबाद के हिंडन एयर बेस आया, जहां लोगों ने प्लेन से उतरकर सरकार को सुरक्षित लाने के लिए शुक्रिया अदा किया।

वहीं, आपको बता दें कि तालिबान के काबुल पर कब्जा करने के ठीक एक हफ्ते बाद रविवार को अफगानिस्तान की राजधानी में सरकारी और निजी कार्यालय बंद रहे। टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालयों, पासपोर्ट विभाग और बैंकों जैसे सरकारी और निजी कार्यालयों के बंद होने से काबुल के निवासियों के लिए बड़ी समस्याएं खड़ी हो गई हैं। शनिवार को, दर्जनों अफगान काम करने के उद्देश्य से सरकारी कार्यालयों गए, लेकिन सामान्य सेवाएं फिर से शुरू नहीं हुईं।

टोलो न्यूज से बात करने वाले निवासियों ने तालिबान से जल्द से जल्द सरकारी कार्यालय खोलने को कहा है। पासपोर्ट विभाग में आए काबुल के रहने वाले अहमद मसीह ने कहा, मैं अपने पासपोर्ट के लिए आया था और पिछली सरकार के दौरान अपना पासपोर्ट पाने के लिए 25 दिनों से इंतजार कर रहा था। पासपोर्ट कार्यालय के एक कर्मचारी ने कहा, “तालिबान ने कहा कि सरकारी कर्मचारी शनिवार को आएं और अपना काम शुरू करें, इसलिए मैं यहां आया लेकिन देखा कि विभाग में कोई कर्मचारी नहीं है।”

Next Story