Begin typing your search above and press return to search.

Trending Mehndi Design: तीज-त्यौहार और शादी पर लगाइए ये ट्रेंडिंग मेहंदी डिज़ाइन, मेहंदी गहरी रचाने के टिप्स भी पढ़िए

Trending Mehndi Design: तीज-त्यौहार और शादी पर लगाइए ये ट्रेंडिंग मेहंदी डिज़ाइन, मेहंदी गहरी रचाने के टिप्स भी पढ़िए
X
By Divya Singh

Trending Mehndi Design : रायपुर I मेहंदी है रचने वाली, हाथों में गहरी लाली...तेरे मन को, जीवन को नई खुशियां मिलने वाली हैं... बिल्कुल इस गीत की तरह मेहंदी लगने की शुरुआत होते ही लड़कियों और महिलाओं के चेहरे पर हंसी तैर जाती है। हमारे यहां तीज- त्योहारों से लेकर विवाह तक हर शुभ प्रसंग पर मेहंदी लगाई जाती है। इसे शुभता का प्रतीक माना जाता है और यह तक कहा जाता है कि जिसकी मेहंदी गहरी रची, उसके पति का प्रेम भी उसके लिए उतना ही गहरा होगा और गहराता ही जाएगा। इसलिए हर लड़की चाहती है कि उसकी मेहंदी खूब गहरी रचे। हम यहां कुछ ट्रेडिंग मेहंदी डिजाइन आपके लिए लाए हैं। साथ ही आपको बताएंगे कि मेहंदी गहरी रचे, इसके लिए आप क्या करें।

पारंपरिक मेहंदी डिज़ाइन

आपने अपनी माँ और नानी - दादी के हाथों में यह डिज़ाइन खूब देखी होगी। इसमें हथेली के बीच में एक बड़ा गोला बनाया जाता है और उसके चारों तरफ छोटे-छोटे डाॅट बनाए जाते हैं। उंगलियों के पोरों को भी रंगा जाता है। ये सबसे सरल मेहंदी डिज़ाइन है, जिस लगाने में बहुत कम समय लगता है साथ ही रंग भी बढ़िया आता है। समय के साथ इसमें कुछ बदलाव आए हैं। और थोड़ा महीन काम भी किया जाने लगा है।

अरेबिक मेहंदी

अरेबिक मेहंदी पिछले लंबे अर्से से सबसे ज्यादा चलन में है। इसमें महीन काम होता है। साथ ही बीच में खाली जगह भी छोड़ी जाती है। इस डिज़ाइन में आप अपनी क्रिएटिविटी भी खूब दिखा सकती हैं और डिफरेंट डिज़ाइन एड कर सकती हैं। अरेबिक बोल्ड मेहंदी डिज़ाइन है तो यह भी मेहंदी का अरेबिक पैटर्न, लेकिन इसके किनारे यानी बार्डर काफी बोल्ड बनाए जाते हैं, बीच में बारीक काम होता है। पैटर्न में आप ढेरों डिज़ाइन अपना सकते हैं।

फुल हाथ मेहंदी डिज़ाइन

शादी का मौका हो तो दुल्हन को फुल हाथ मेहंदी लगाई जाती है। शादी की यह एक खास रस्म भी होती है। फुल हाथ मेहंदी दुल्हन की तैयारी को खास बनाती है। इसमें अलग-अलग पैटर्न भी एकसाथ यूज किए जा सकते हैं। इसमें बैक साइड को भी काफी ऊपर तक भरा जाता है।

बन्ना-बन्नी डिज़ाइन

शादी के शुभ मौके पर बन्ना-बन्नी डिज़ाइन का बहुत चलन है। इसमें एक हथेली पर दूल्हे और दूसरी हथेली पर दुल्हन की तस्वीर मेहंदी से बनाई जाती है।यह मेहंदी इतनी नफासत से लगाई जाती है कि देखने वाले हैरान रह जाते हैं।

रोज़ डिज़ाइन

आप हाथ में एक या कई गुलाब के फूल बनवा सकती हैं। रोज़ डिजाइन भी बहुत सुंदर लगती है।

कमल फूल डिज़ाइन

कमल मेहंदी डिज़ाइन में हाथों पर कमल के फूल बना कर पत्तियों से सजाया जाता है। बड़ा सा, थोड़ा झुका हुआ कमल का फूल बहुत सुंदर लगता है।

राजस्थानी मेहंदी डिज़ाइन

राजस्थान के अनोखे कल्चर ने हमेशा लोगों को आकर्षित किया है। मेहंदी डिज़ाइन में भी इसका उपयोग किया जाता है। राज-रजवाड़े, हाथी, कंगूरे जैसे पैटर्न इसमें देखने को मिलते हैं।

फ्लोरल मेहंदी डिज़ाइन

ये लड़कियों का फेवरेट डिज़ाइन होता है। एकदम नन्हे-नन्हे फूलों और पत्तियों से घना भरा हाथ बहुत सुंदर लगता है।

मेहंदी गहरी रचेगी, करिए ये जतन

मेहंदी लगाने और उसे सुखाने में बहुत धैर्य रखना होता है। उसके बाद अगर मेहंदी का गहरा रंग न आए तो महिलाओं का दिल टूट जाता है। आस-पड़ोस की महिलाएं भी मज़े लेती हैं कि पति का प्रेम गहरा नहीं है। ऐसे में अगर आप चाहती हैं कि मेहंदी का रंग गहरा आए तो आपको कुछ जतन करने आने चाहिए। ये रहे कुछ आसान से टिप्स-

1. मेहंदी लगाने से पहले हाथों को अच्छी तरह साफ करें। मेहंदी का तेल मार्केट में आसानी से मिलता है। इसे हथेली पर लगाकर सोखने दें। कुछ देर बाद मेहंदी लगाएं।

2. अच्छी क्वालिटी वाली मेहंदी हाथों पर रचाएं और उसे धैर्य के साथ सूखने दें। 5-6 घंटे मेहंदी लगी रहे तो अच्छा।

3. मेहंदी जब थोड़ी सूख जाए, तो उस पर नींबू और शक्कर का मिश्रण लगाएं। इससे मेहंदी में नमी बनी रहेगी। जल्दी सूखेगी नहीं।

4. मेहंदी उखड़ने लगे तो हथेली पर चूना रगड़ें या सरसों का तेल, विक्स या बाम जैसी गर्माहट पैदा करने वाली चीज लगाकर हथेलियों को रगड़ें। इससे मेहंदी का रंग गहरा होता है।

Divya Singh

दिव्या सिंह। समाजशास्त्र में एमफिल करने के बाद दैनिक भास्कर पत्रकारिता अकादमी, भोपाल से पत्रकारिता की शिक्षा ग्रहण की। दैनिक भास्कर एवं जनसत्ता के साथ विभिन्न प्रकाशन संस्थानों में कार्य का अनुभव। देश के कई समाचार पत्रों में स्वतंत्र लेखन। कहानी और कविताएं लिखने का शौक है। विगत डेढ़ साल से NPG न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story