Begin typing your search above and press return to search.

Rude Comments on Women: ऐसी है महिलाओं के लिए हमारे 'पूजनीयों' की भाषा, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से पहले भी कइयों ने लांघी सीमा...

Rude Comments on Women: ऐसी है महिलाओं के लिए हमारे पूजनीयों की भाषा, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से पहले भी कइयों ने लांघी सीमा...
X
By Gopal Rao

Rude Comments on Women: रायपुर I महिलाओं पर विवादित बयान देने के कारण बागेश्वर धाम 'सरकार' धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को महिला आयोग ने नोटिस जारी कर दिया है। लेकिन यह पहला मौका नहीं है जब पूजनीय माने जाने वाले ऐसे प्रवचन कर्ताओं या संत- सन्यासियों की महिलाओं के बारे में ऐसी छोटी और घिनौनी सोच उजागर हुई हो। महिलाएं हमेशा से साॅफ्ट टार्गेट रहीं। उनके शरीर पर टिप्पणियां करने से आम पुरुष ही नहीं, इन जैसे गुरू भी नहीं रुक पाते। वहीं, उनकी सफलता न पचे या उनका खुद के लिए कोई स्टैंड लेना, सबसे पहले उनके चरित्र पर उंगली उठा दी जाती है या घर पर रहने की नसीहत दे दी जाती है। फिर कोई इनके खिलाफ शिकायत दर्ज करा देगा, धाराएं लग जाएंगी। कुछ समय में माफी वाला बयान सामने आ जाएगा और जमानत भी मिल जाएगी, अगर आसाराम बापू की तरह रेप केस में ही न फंस गए हों तो। लेकिन ऐसे अशोभनीय बयानों का सिलसिला फिर भी नहीं थमता। संत बने बैठे लोगों ने महिलाओं के लिए कैसी-कैसी बातें की हैं, पढ़िए...

धीरेंद्र शास्त्री की हालिया टिप्पणी ये है

ग्रेटर नोएडा में सात दिवसीय भागवत कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा " जिन महिलाओं की मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र नहीं है, उनके बारे में हम समझते हैं कि यह प्लॉट अभी खाली है। वे यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि... और जिसकी मांग में सिंदूर और गले में मंगल सूत्र है, तो हमलोग दूर से देखकर समझ जाते हैं कि रजिस्ट्री हो गई है।"

अमोघ लीला दास ने हाल में ट्रेक्टर के टायर से की थी महिला की कमर की तुलना

अमोघ लीला दास बहुत कुछ कहा करते हैं। हाल ही में वे एक वीडियो में कामकाजी महिलाओं का मजाक उड़ाते दिखे थे। कीबोर्ड पर टाइपिंग की नकल करते हुए उन्होंने कहा था “मैं लैपटॉप वाली लड़की हूं... और बैठे-बैठे फिर थुम्बा। कमर की ओर इशारा कर उन्होंने आगे कहा कि ये पहले साइकिल का टायर... बस का टायर और एक दिन ट्रैक्टर का टायर।

यही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि महिला को जिम वर्कआउट से बचना चाहिए। इसके बजाय घरेलू कामों पर ध्यान देना चाहिए। अगर वे घर में पोंछा मारती तो कमर टायर जैसी होती ही नहीं।

बाबा रामदेव क्या बोल गए थे, जानिए

ठाणे में महिलाओं के लिए आयोजित एक योग प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योग गुरु बाबा रामदेव बाबा ने कहा था महिलाएं साड़ी में अच्छी लगती हैं, वे सलवार सूट में भी अच्छी लगती हैं, और अगर उन्होंने कुछ न पहना हो तो और भी अच्छी लगती हैं।

यति नरसिंहानंद ने राजनीति में सक्रिय महिलाओं के लिए कहा ऐसा...

हमेशा अपने बयानों से विवादों में रहने वाले यति नरसिंहानंद ने राजनीति में सक्रिय महिलाओं के लिए कहा था " पहले राजनीति में जो महिलाएं दिखाई पड़ती थीं वो किसी न किसी एक नेता की... हुआ करती थीं। और आज बीजेपी में जितनी भी महिलाएं दिखाई दे रही हैं, उन्हें एक नेता से काम है तो उसके पास... तीसरे से काम है तो तीसरे के पास जाना है।" संकेतों में बहुत कुछ कहकर उन्होंने नारी शक्ति को प्रणाम कर बात समाप्त कर दी थी।

आसाराम बापू ने 'निर्भया' के बारे में कहा था ऐसा

अब जब आसाराम बापू शिष्या से रेप के केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं तो उनका चरित्र उजागर हो ही चुका है। इससे पहले भी उन्होंने जब-तब महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कीं। 'निर्भया' मामले में उनका बयान चौंकाने वाला था। उन्होंने कहा " यदि उस लड़की ने बलात्कारियों को भाई कहा होता तो शायद वे उसके साथ बलात्कार ही न करते।" यही नहीं उन्होंने यह भी कह डाला कि एक हाथ से ताली नहीं बज सकती। ऐसे और इन जैसे अनेक बयान इन संतों और धर्मगुरुओं की ओर से आना बेहद शर्मनाक है। ये हमारे समाज का असल चेहरा दिखाते हैं।

Gopal Rao

गोपाल राव रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 8 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story