Waterfalls in Bastar: बस्तर के जलप्रपातों की अनकही कहानी; आकर्षण ऐसा कि बरसों बरस नहीं भूल पाएंगे

Waterfalls in Bastar Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ का बस्तर बारिश के दिनों में कुछ अलग ही अंदाज में नजर आता है। नैसर्गिक वातावरण, सुरम्य वादियों के बीच घुमने का मजा ही कुछ और है। बारिश के दिनों में बस्तर की छटा अपने आप निराली हो जाती है, उसमें चार चांद लगाने का काम यहां के अद्भूत जलप्रपात करते हैं। जी हां, बस्तर का सौंदर्य आपको भुलाए नहीं भुलने देगा।
बस्तर की अनोखी सांस्कृतिक विरासत और आदिवासी जीवनशैली तो बस्तर की पहचान है और बस्तर के कण-कण में रचा बसा है। बस्तर की एक और खासियत है वह है अद्भुत प्राकृतिक संपदाएं। बस्तर की माटी प्राकृतिक संपदाओं से भरपूर है। घने जंगलों, कल-कल, छल-छल बहती नदियां और गहरी घाटियों के बीच से वाटरफाल जलप्रपात सैलानियों को एक दूसरी दुनिया तो ले जाती ही है,अपनी ओर आकर्षित भी करती है। आकर्षण ऐसा कि भुलाए नहीं भूल पाएंगे। यहां की प्राकृतिक छटाएं आपको एक अलग ही दुनिया में लेकर जाती है। ऐसा भी कह सकते हैं कि एक अलग दुनिया का अहसास बस्तर आने के बाद होने लगता है।
Chitrakot Falls – चित्रकोट जलप्रपात
इंद्रावती नदी पर स्थित चित्रकोट जलप्रपात को भारत का नियाग्रा भी कहा जाता है। लगभग 29 मीटर की ऊँचाई से गिरने वाला यह जलप्रपात मानसून में तीन सौ मीटर तक चौड़ा हो जाता है। पानी की विशाल परतें जब नीचे गिरती हैं तो वातावरण धुंध और नमी से भर उठता है। जगदलपुर से करीब 38 किलोमीटर दूर यह जगह यात्रियों को रोमांच और शांति, दोनों का अनुभव कराती है।
Teerathgarh Falls – तीरथगढ़ जलप्रपात
करीब 91 मीटर की ऊँचाई से गिरता तीरथगढ़ जलप्रपात एक ब्लॉक-टाइप फॉल है, जहाँ कांगेर नदी की सहायक नदी मुनगा और बहार नदी इस खूबसूरत झरने का निर्माण करती है. गहरे जंगलों को चीरते हुए नीचे गिरती है। इसकी धार सफेद दूध जैसी दिखाई देती है और आसपास की हरियाली इसे और आकर्षक बनाती है। जगदलपुर से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित यह स्थान प्रकृति के साथ ध्यान और आत्मचिंतन के लिए आदर्श माना जाता है।
Mendri Ghumar Falls – मेंदरी घूमर जलप्रपात
मेंदरी घूमर जलप्रपात मानसून का तोहफा है। यह लगभग 70 मीटर की ऊँचाई से गिरता है और अपनी वादी में बहते हुए एक अद्भुत दृश्य रचता है। जगदलपुर से 44 किलोमीटर दूर स्थित यह जगह उन लोगों के लिए खास है, जो भीड़भाड़ से दूर रहकर प्रकृति की गोद में कुछ समय बिताना चाहते हैं।
Tamda Ghumar Falls – तामड़ा घूमर जलप्रपात
तामड़ा घूमर, इंद्रावती नदी पर बहने वाला एक बेहद सुंदर जलप्रपात है, जिसकी ऊँचाई करीब 100 फीट मानी जाती है। बारिश के दिनों में इसकी धार और भी प्रबल हो जाती है और आसपास का वातावरण धुंध से घिरा रहता है। यह स्थल चित्रकोट की यात्रा को और भी रोचक बना देता है।
Chitradhara Falls – चित्रधारा जलप्रपात
छोटे गाँव पोटनार के पास स्थित चित्रधारा जलप्रपात अपेक्षाकृत छोटा है, लेकिन इसका महत्व स्थानीय लोगों के लिए बहुत है। 50 से 100 फीट की ऊँचाई से गिरता यह मौसमी फॉल शिव मंदिर के पास है और यात्रियों को पिकनिक या शांति से समय बिताने का अवसर देता है।
Mandwa Falls – मंडवा जलप्रपात
मंडवा जलप्रपात जगदलपुर से करीब 31 किलोमीटर दूर स्थित है। लगभग 70 फीट की ऊँचाई से गिरता यह जलप्रपात तीर्थगढ़ और कांगेर धारा के पास है। आसपास की चट्टानें और हरियाली इसके सौंदर्य को और गहराई देती हैं।
Other Falls – अन्य जलप्रपात
बस्तर क्षेत्र की खासियत यह है कि यहाँ छोटे-बड़े अनेकों जलप्रपात मौजूद हैं। कुंदरू, बिजाकाशा, कुएमारी, मलाजकुडुम, अमृतधारा और देवधारा जैसे झरने इस क्षेत्र की विविधता को और समृद्ध करते हैं। ये सभी अपने-अपने तरीके से पर्यटकों को आश्चर्यचकित करते हैं और स्थानीय जीवनशैली से जोड़ते हैं।
बस्तर के जलप्रपात केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि प्रकृति और संस्कृति का संगम हैं। यहाँ की नदियाँ, घाटियाँ और झरने इस भूमि की आत्मा को परिभाषित करते हैं। मानसून हो या सर्दी, इन जलप्रपातों की सुंदरता हर मौसम में अलग ही रंग दिखाती है। जो यात्री प्रकृति की गोद में सुकून और रोमांच दोनों तलाशते हैं, उनके लिए बस्तर के जलप्रपात अवश्य देखने योग्य स्थल हैं।
