Begin typing your search above and press return to search.

Inverter AC vs Non-Inverter AC: इन्वर्टर एसी और नॉन-इन्वर्टर एसी क्या होता है? डिटेल में समझिए इन दोनों में अंतर और जानिए किसे खरीदना है फायदे का सौदा

Inverter AC vs Non-Inverter AC: अधिकतर लोग जो अपने घरों में AC लगवाना चाहते हैं वे इस कंफ्यूजन में रहते हैं कि हमें इनवर्टर एसी लेना चाहिए या फिर बिना इनवर्टर वाला। चलिए जानते हैं...

Inverter AC vs Non-Inverter AC: इन्वर्टर एसी और नॉन-इन्वर्टर एसी क्या होता है? डिटेल में समझिए इन दोनों में अंतर और जानिए किसे खरीदना है फायदे का सौदा
X

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

By Chirag Sahu

Inverter AC vs Non-Inverter AC:अब जैसे-जैसे मौसम में बदलाव होते जा रहे हैं गर्मी भी तेजी से दस्तक दे रही है। ठंड में जहां लोग स्वेटर और ब्लैंकेट लेने दौड़ते थे वहीं अब पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर AC के लिए होड़ लगने वाली है। अधिकतर लोग जो अपने घरों में AC लगवाना चाहते हैं वे इस कंफ्यूजन में रहते हैं कि हमें इनवर्टर एसी लेना चाहिए या फिर बिना इनवर्टर वाला। अगर आप भी ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें यह समस्या है तो इस लेख को पढ़ने के बाद आपका सारा कंफ्यूजन दूर होने वाला है। हम विस्तार से जानेंगे कि कौन सा एसी सबसे अच्छा है और किसे घर में नहीं लगवाना चाहिए।

इन्वर्टर एसी और नॉन-इन्वर्टर एसी क्या होती है?

एसी खरीदने से पहले इन दोनों के बीच का अंतर जानना बहुत जरूरी है। एसी में जब भी इनवर्टर की बात की जाती है तो वह उसके कंप्रेसर के बारे में जानकारी देता है। इनवर्टर वाले एसी में वेरिएबल स्पीड कंप्रेसर लगा होता है जो कमरे के तापमान के हिसाब से अपने आप को एडजस्ट करता है अर्थात जब भी रूम ठंडा होता है तो कंप्रेसर धीमा हो जाता है और रूम का तापमान जैसे ही बढ़ता है तो कंप्रेसर फिर तेजी से कार्य करने लग जाता है। यह पूरा साइकल, कंप्रेसर के बिना बंद हुए चलते रहता है।

लेकिन बिना इनवर्टर वाली एसी में फिक्स्ड स्पीड कंप्रेसर लगा होता है, जो बार-बार बंद और चालू होता है। इस प्रकार के एसी में हम एक टेंप्रेचर सेट कर देते हैं और जब भी कमरे का तापमान इस सेट किए हुए तापमान से नीचे जाता है तो एसी बंद हो जाती है और जब कमरे का तापमान ऊपर जाता है, तो एसी फिर से चालू हो जाती है। यही प्रोसेस लगातार चलते रहता है।

कौन सा एसी सबसे ज्यादा बिजली खाता है?

AC खरीदने से पहले लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता है कि इन दोनों प्रकार के एसी में कौन सा ज्यादा बिजली बचा सकता है, क्योंकि हर महीने बिजली का बिल भी तो देना है। बिजली बचाने की बात करे तो इसमें इनवर्टर एसी ज्यादा किफायती हैं नॉन इनवर्टर एसी से। क्योंकि इनवर्टर एसी कमरे के तापमान के हिसाब से अपने आप को एडजस्ट करता है और कभी बंद नहीं होता लेकिन वही नॉन इनवर्टर एसी बार-बार बंद–चालू होता है जिसमें बिजली ज्यादा खपत होती है।

कौन सा एसी कम शोर और ज्यादा ठंडा करता है?

नॉन इनवर्टर एसी में कंप्रेशर के बार-बार बंद और चालू होने की वजह से शोर अधिक होता है ऐसे में इनवर्टर एसी लेना ज्यादा सही रहेगा। अब जानते हैं कि कौन सा एसी रूम को जल्दी ठंडा कर सकता है? तो जैसा कि हमने पहले बताया इनवर्टर वाले एसी में कंप्रेसर खुद को सेट तापमान के अनुरूप बिना बंद हुए कम या ज्यादा करते रहता है और बिना इनवर्टर वाला एसी बार-बार बंद चालू होता है ऐसे में आपको एक से दो डिग्री की कमी महसूस हो सकती है, इससे कमरे का तापमान स्थिर नहीं बना रहता, तो इसमें भी इनवर्टर एसी ने बाजी मार ली है।

जानिए कौन सा एसी लेना है सबसे बेहतर

यदि आप चाहते हैं कि आपके घर में लगा हुआ एसी सालों साल बिना बिगड़े चले तो इनवर्टर वाला लेना सही रहेगा। इसमें कई टेक्नोलॉजी और सर्किट बोर्ड भी मिलते हैं। लेकिन आपका बजट कम है और घरों में AC ज्यादा समय तक (2 से 4 घंटे) नहीं चलते है तो नॉन इनवर्टर एसी ले सकते हैं क्योंकि इनवर्टर वाले AC की तुलना में इसे बनवाना काफी सस्ता होता है साथ ही इसके पार्ट्स भी आसानी से उपलब्ध होते हैं।

Next Story