Home Remedies For Pink Lips: काले पड़ चुके होंठों को वापस मिलेगी गुलाबी रंगत, आज़माइये ये घरेलू नुस्खे
Home Remedies For Pink Lips: आज हम आपको बताएंगे कुछ आज़माये हुए घरेलू नुस्खे आपके होठों को वापस मुलायम बनाने और गुलाबी रंगत लौटाने में मदद कर सकते हैं। आइये जानते हैं इसके लिए आपको किन चीज़ों से मदद मिल सकती है।

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
Home Remedies For Pink Lips: मुलायम-गुलाबी होंठ चेहरे को आकर्षक बनाते हैं और आपकी केयर को भी दिखाते हैं क्योंकि होंठ बहुत आसानी से रूखे होने लगते हैं, फटने लगते हैं। आज की माॅडर्न लाइफस्टाइल और नए-नए ब्यूटी प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने, पानी कम पीने और स्मोकिंग जैसी आदतों के चलते होठों के काले पड़ने की समस्या भी बढ़ती जा रही है। लेकिन कुछ आज़माये हुए घरेलू नुस्खे आपके होठों को वापस मुलायम बनाने और गुलाबी रंगत लौटाने में मदद कर सकते हैं। आइये जानते हैं इसके लिए आपको किन चीज़ों से मदद मिल सकती है।
दो आसान स्क्रब
अगर आपके होंठ बहुत सूखे-सूखे हो गए हैं, उनमें पपड़ी जम गई है तो पहले स्क्रब करें। इससे डेड स्किन आसानी से निकल जाती है और होंठ मुलायम बनते हैं।
1. एक चम्मच नारियल के तेल में एक चुटकी हल्दी, एक चम्मच कॉफी पाउडर और आधा चम्मच पिसी शक्कर मिलाएं और इससे अपने होठों को हल्के हाथ से स्क्रब करें।
2. एक बाउल में एक चौथाई चम्मच राॅक साॅफ्ट लें।इसमें थोड़ी सी ग्लिसरीन और थोड़ा गुलाबजल मिक्स करें। अब इससे अपने होठों की मसाज करें।
गुलाबी रंगत ऐसे मिलेगी
स्क्रब करने के बाद आपके घर में उपलब्ध इनमें से किसी भी चीज़ से अपने होठों की मालिश करें।
मक्खन और केसर
घर का बना आधा चम्मच सफेद मक्खन लें।इसमें केसर के दो धागे डालें और अच्छे से मिक्स करें। अब इससे अपने होठों की तीन से चार मिनट मालिश करें। इससे होठों का कालापन दूर होने लगेगा। साथ ही गुलाबी रंगत भी लौटने लगेगी।
बादाम तेल और शहद
चार-पांच बूंद रोगन बादाम तेल में दो-तीन बूंद शहद डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अब इसे अपने होठों पर 15 मिनट के लिए लगाकर छोड़ें। उसके बाद चाहें तो होंठ साफ कर लें। रेगुलरली ऐसा करने पर आपके होंठ नर्म -मुलायम, गुलाबी हो जाएंगे और कालापन पूरी तरह दूर हो जाएगा।
गुलाब की पंखुड़ियां
लाल गुलाब की पंखुड़ियां धो कर एक ग्लास के जार में रखें। उसमें थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ें और आधा चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। इसे एक दिन के लिए ढक्कन लगाकर छोड़ दें। अगले दिन अच्छी तरह मिक्स करके इसे अपने होठों पर लगाएं। 2 से 3 दिनों में आपके होठों की रंगत गुलाबी होने लगेगी।
अनार के दाने
अनार के दानों को दबाकर थोड़ा सा रस निकाल लें। इसमें गुलाब जल मिलाकर होंठों पर लगाएं। रंगत निखरेगी।
नींबू और शहद
नींबू का रस निकालें और इसमें थोड़ा शहद मिलाएं। इन दोनों में मौजूद पोषक तत्व होंठों को मुलायम बनाते हैं। साथ ही गुलाबी रंगत भी देते हैं।
मलाई और हल्दी
दूध की ताजी मलाई में थोड़ी सी हल्दी मिला कर लगाएं। सुबह और शाम इस मिश्रण से अपने होंठो की मालिश करें। इससे आपके होंठ साॅफ्ट और गुलाबी होंगे।
चुकंदर
चुकंदर की स्लाइस काट लें या तो इससे होंठों पर मालिश करें या कुछ देर इसे लिप्स के बीच दबाकर बैठें। कुछ दिन तक रोजाना इस नुस्खे को इस्तेमाल करेंगे तो होंठ नेचुरली पिंक हो जाएंगे।
