Begin typing your search above and press return to search.

यूथ कांग्रेस: प्रदेश अध्यक्ष से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक अब तक 800 नामांकन, देवेंद्र-सुबोध नहीं लड़ेंगे चुनाव, 10 लाख यूथ तक पहुंचने का लक्ष्य

कांग्रेस संगठन के सबसे हाई प्रोफाइल यूथ कांग्रेस चुनाव के लिए जबर्दस्त गहमागहमी

यूथ कांग्रेस: प्रदेश अध्यक्ष से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक अब तक 800 नामांकन, देवेंद्र-सुबोध नहीं लड़ेंगे चुनाव, 10 लाख यूथ तक पहुंचने का लक्ष्य
X

Congress 

By NPG News

रायपुर, 28 अप्रैल 2022। छत्तीसगढ़ में यूथ कांग्रेस का चुनाव रोमांचक मोड़ लेता हुआ नजर आ रहा है। विधायक देवेंद्र यादव और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध हरितवाल ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। अब आकाश शर्मा और आशीष मोनू अवस्थी के साथ गुलजेब अहमद, मानस पांडेय, जीशान कुरैशी, मुजस्सम नजर पर चुनाव केंद्रित होने के आसार हैं। अब तक प्रदेश अध्यक्ष से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक लगभग 800 नॉमिनेशन हो चुके हैं। गुरुवार रात 12 बजे तक का और समय है। यह चुनाव इसलिए भी छत्तीसगढ़ के लिए बेहद अहम है, क्योंकि 8 से 10 लाख युवा यूथ कांग्रेस के जरिए सीधे कांग्रेस से जुड़ेंगे। इसमें किसी तरह की गड़बड़ी और फर्जीवाड़े की गुंजाइश ही नहीं है, क्योंकि वोटर आईडी और मोबाइल नंबर पर ओटीपी दोनों जरूरी हैं। इस चुनाव में ज्यादा कैंडीडेट उतारने की भी कवायद चल रही है, क्योंकि जितनी संख्या में नॉमिनेशन आएंगे, उसी लिहाज से सदस्य बनाने की भी जद्दोजहद होगी।

यूथ का चुनाव लेकिन बड़े नेताओं का नाम भी चर्चा में

यूथ कांग्रेस का चुनाव वैसे तो विशुद्ध रूप से युवाओं के लिए है, लेकिन कुछ बड़े नाम भी चर्चा में हैं। आकाश शर्मा को सीएम भूपेश बघेल के खेमे का माना जा रहा है, जबकि मोनू अवस्थी टीएस सिंहदेव के खेमे से हैं। ऐसे में यूथ कांग्रेस चुनाव के हाई प्रोफाइल होने के आसार हैं। अभी कैंडीडेट के बीच सबसे ज्यादा दबाव नए सदस्य जोड़ने का होगा। यह प्रक्रिया 12 मई से 12 जून तक चलेगी। संभवत: 13 जून को प्रदेश अध्यक्ष के अतिरिक्त बाकी पदों के लिए ऐलान हो जाएगा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के दावेदारों के लिए नई दिल्ली में इंटरव्यू होगा। इस तरह माना जा रहा है कि जुलाई तक यूथ कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।

इस बार मसल नहीं, बल्कि मैनेजमेंट के दम पर चुनाव

यूथ कांग्रेस का चुनाव इस बार मसल पॉवर पर नहीं, बल्कि मैनेजमेंट स्किल पर होगा। इससे पहले तक ऐसी परिस्थितियां बनती थीं कि कुछ बड़े नेता अपने दम-खम के आधार पर वोटर्स को हाईजैक कर लेते थे। इस बार नॉमिनेशन से लेकर सदस्यता की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होनी है। यही वजह है कि किसी एक जगह नेता-कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा नहीं हो रही है। हालांकि अलग-अलग खेमे के हिसाब से यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी जुट रहे हैं और एक-दूसरे से सपोर्ट के लिए भी लाइनअप कर रहे हैं। गुरुवार रात 12 बजे के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि मैदान में कितनी संख्या में दावेदार रह जाएंगे। इससे आगे की रणनीति भी स्पष्ट हो जाएगी।

Next Story