एयरपोर्ट में पिस्टल के साथ युवक पकड़ाया, रायपुर से बैंगलुरू जाने की थी तैयारी, चेकिंग के दौरान सीआईएसएफ ने पकड़ा...

रायपुर 31 मई 2022। राजधानी के स्वामी विवेकानंद इंटरनेशनल एयरपोर्ट में पिस्टल के साथ एक युवक को सीआईएसएफ की टीम ने पकड़ा है। युवक का नाम जय थदानी है, जो बिलासपुर का रहने वाला है, जो कुछ समय से रायपुर के जोरा तेलीबांधा में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, आज शाम में एयरपोर्ट के एंट्री गेट पर यात्रियों की चेकिंग के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने जय थदानी नाम के युवक को पिस्टल के साथ पकड़ा। पिस्टल के संबंध में जब युवक ने किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं दिखाया तो उसे हिरासत में लेकर इसकी जानकारी माना थाना पुलिस को दी गई। माना थाना पुलिस युवक को गिरफ्तार कर उससे पिस्टल के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जांच में पता चला कि, आरोपी पिस्टल लेकर रायपुर से बैंगलुरू जाने के लिए निकला था, लेकिन बैंगलुरू जाने से पहले ही एयरपोर्ट में पकड़ा गया।
फिलहाल युवक पिस्टल लेकर बैंगलुरू क्यों जा रहा था और उसने पिस्टल कहाँ से खरीदी इसकी जांच पुलिस कर रही है। साथ ही इस मामले में 134/22 धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई पुलिस के द्वारा की जा रही है।
