Begin typing your search above and press return to search.

कृष्ण भक्ति खातिर महिला अफसर ने छोड़ी IPS की नौकरी...वीआरएस मंजूर, सीएम ने किया साइन, 1 दिसंबर को होंगी रिलीव

कृष्ण भक्ति खातिर महिला अफसर ने छोड़ी IPS की नौकरी...वीआरएस मंजूर, सीएम ने किया साइन, 1 दिसंबर को होंगी रिलीव
X
By NPG News

पानीपत 26 नवम्बर 2021. अपनी ईमानदार और दबंग छवि के लिए चर्चित आईपीएस अफसर और हरियाणा में अंबाला रेंज की आई जी भारती अरोड़ा को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति यानि वीआएस मिल गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनकी फाइल पर साइन कर उन्हें सेवा से मुक्त कर दिया है। भारती अरोड़ा ने तर्क दिया है कि वह कृष्ण की भक्ति करना चाहती हैं। इसलिए वह अपनी इच्छा से नौकरी को छोड़ रही हैं।

भारती एक दिसंबर 2021 को दोपहर बाद सेवानिवृत्त होंगी और अपना शेष जीवन श्रीकृष्ण भक्ति में गुजारेंगी। उनके पति आईपीएस पति विकास अरोड़ा फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त हैं।भारती ने एक माह में दूसरी बार वीआरएस के लिए आवेदन किया था। गृह मंत्री अनिल विज ने अपनी टिप्पणी के साथ फाइल सीएम को भेजी थी। इससे पहले जुलाई में भी भारती ने वीआरएस के आवेदन में कहा था कि बाकी का जीवन वह कृष्ण भक्ति में गुजारना चाहती हैं। इसलिए उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान की जाए। गृह मंत्री विज ने फाइल में लिखा था कि वह एक काबिल और ईमानदार पुलिस अधिकारी हैं और उन्हें समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने के निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।

भारती अरोड़ा ने इसी साल जुलाई 2021 में वीआरएस के लिए आवेदन किया था जिसे गृहमंत्री अनिल विज और पुलिस के आला अधिकारियों ने मंजूर नहीं किया था। इसके बाद भारती अरोड़ा ने नवंबर महीने में वीआरएस के लिए दोबारा आवेदन कर दिया। इस पर गृहमंत्री अनिल विज ने उसे मंजूरी देते हुए फाइल सीएम के पास भिजवा दी। गृह मंत्रालय और पुलिस महकमे की मंजूरी के बाद सीएम ने भी मंजूर देते हुए फाइल पर साइन कर दिए। सीएम की मंजूरी मिलने के बाद भारती अरोड़ा ने कहा कि उनकी बाकी जिंदगी कृष्ण भक्ति में गुजरेगी।

भारती अरोड़ा पुलिस पुलिस सेवा (IPS) की 1998 बैच की अफसर हैं। 23 साल की पुलिस सर्विस में वह हरियाणा में कई जिलों में SP के अलावा करनाल रेंज की आईजी रह चुकी हैं और इस समय अंबाला रेंज की आईजी हैं। उनकी रिटायरमेंट वर्ष 2031 में होनी थी मगर उन्होंने 10 साल पहले वीआरएस ले ली। भारती अरोड़ा की शादी हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी विकास अरोड़ा से हुई है। विकास अरोड़ा फिलहाल फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर हैं। भारती अरोड़ा राई स्पोर्ट्स स्कूल की प्रिंसिपल भी रह चुकी हैं, जहां उन्होंने कई बेहतर काम किए।

भारती अरोड़ा वर्ष 2004 से वृंदावन जा रही हैं। 24 जुलाई को VRS के लिए पंजाब के डीजीपी को भेजे पत्र में भारती अरोड़ा ने लिखा कि पुलिस सेवा उनके लिए गर्व और जूनून रही है। अब वह जिंदगी धार्मिक तरीके से बिताना चाहती हैं। वह चैतन्य महाप्रभु, कबीरदास और मीराबाई की तरह प्रभु श्रीकृष्ण की साधना करना चाहती हैं।

भारती अरोड़ा के करियर में ये रहे हैं प्रमुख बिंदु

- करीब छह माह पूर्व भारती को अंबाला आईजी के पद पर तैनात किया गया था, इससे पूर्व वह करनाल रेंज की आईजी थी।

- गृह मंत्री अनिल विज को 2009 में सड़क अवरुद्ध करने के मामले में अपने 6 सहयोगियों के साथ एक दिन के लिए जेल जाना पड़ा था। उस समय अंबाला की एसपी भारती अरोड़ा ही थीं।

- वर्ष 2016 में गोतस्करी पर नकेल कसने और 2020 में कबूतरबाजी के मामलों के लिए गठित एसआईटी का प्रमुख बनाया गया।

- वर्ष 2015 में गुरुग्राम की संयुक्त पुलिस आयुक्त भारती अरोड़ा का तत्कालीन पुलिस आयुक्त नवदीप विर्क के साथ विवाद भी हुआ था।

Next Story