कांग्रेस के दोबारा अध्यक्ष बनेंगे राहुल गांधी?...राहुल गांधी के नाम पर सब राजी, नेताओं की मांग पर वे बोले...

नई दिल्ली 16 अक्टूबर 2021. राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बारे में एक बार फिर विचार कर सकते हैं. शनिवार दोपहर को हुई बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी से वापस राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया है. शनिवार को हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद पार्टी की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने कहा कि सभी की यही राय है, लेकिन फैसला वह खुद लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन चुनाव की प्रक्रिया अगले साल सितंबर में शुरू होगी।
अंबिका सोनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''हर कोई इस बात पर सहमत है कि वह (राहुल गांधी) बनेंगे (पार्टी अध्यक्ष) या नहीं, यह उन पर है। सभी ने यह इच्छा जाहिर की कि राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनना चाहिए।'' बता दें, कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद से सोनिया गांधी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष हैं और कपिल सिब्बल सहित कई नेता अस्थायी अध्यक्ष नहीं चुने जाने को लेकर असंतोष जाहिर कर चुके हैं। संगठन चुनाव को लेकर सोनिया गांधी को खत लिख चुके 23 नेताओं को G-23 कहा जाता है।
सोनिया गांधी ने आज इन नेताओं को जवाब देते हुए कहा कि वह भले ही अंतरिम अध्यक्ष हैं, लेकिन पार्टी के लिए फुल टाइम काम कर रही हैं। अंबिका सोनी ने कहा, ''बैठक में G-23 का जिक्र नहीं किया गया। वे बैठक में मौजूद थे। कांग्रेस समूहों में नहीं बंटी है, हम सब एकजुट हैं। कांग्रेस पार्टी के सभी नेता एकमत हैं और चाहते हैं कि राहुल गांधी पार्टी के अध्यक्ष बनें। प्रक्रिया (चुनाव की) सितंबर 2022 में शुरू होगी।'' फिलहाल राहुल गांधी ने उनकी इस मांग पर विचार करने की बात कही है।
वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी 1 नवंबर से अपना सदस्यता अभियान शुरू करेगी जो 31 मार्च, 2022 तक चलेगा. इसी तरह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, पीसीसी एक्जीक्यूटिव और एआईसीसीसी सदस्य पद के चुनाव के लिए प्रकिया अगले साल 21 जुलाई से शुरू होकर अगस्त 2022 तक पूरी हो जाएगी.
