किसका खैरा 'गढ़' : मतगणना स्थल पहुंचे कर्मचारी, थोड़ी देर में शुरू होगी गिनती, 21 राउंड में पूरी होगी गणना पर रुझान कुछ घंटे में ही
बीज निगम के गोदाम को बनाया गया है मतगणना स्थल, तीन लेयर की सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स नहीं ले जा पाएंगे हॉल तक

राजनांदगांव, 16 अप्रैल 2022। छत्तीसगढ़ के हाई प्रोफाइल खैरागढ़ उपचुनाव के लिए थोड़ी देर में ही गिनती शुरू हो जाएगी। 21 राउंड में गिनती शुरू होगी, लेकिन घंटेभर में रुझान मिलना शुरू हो जाएगा। उपचुनाव में कांग्रेस से यशोदा वर्मा, भाजपा से कोमल जंघेल और जोगी कांग्रेस से नरेंद्र सोनी समेत कुल 10 प्रत्याशी थे। इन सबकी किस्मत का फैसला आज होना है। 12 अप्रैल को हुए चुनाव में 78 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
एक दिन पहले ही हो चुकी है रिहर्सल
मतगणना के लिए शुक्रवार को ही रिहर्सल हो चुकी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने मतगणना स्थल का अवलोकन कर एवं वहां उपस्थित मतगणना के सभी नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह भी इस दौरान उनके साथ थे। सबसे पहले डाक मतपत्र की गणना की जाएगी। उसके पश्चात ईव्हीएम से गणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रशासनिक तैयारी पूर्ण कर ली गई है। मतगणना हाल में ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों के पास जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा इलेक्ट्रानिक उपकरण जिसमें आडियो, वीडियो, विजुवल लिया जा सकता है, प्रतिबंधित रहेगा। 14 टेबल में 2 कर्मचारी एवं एक माईक्रो ऑब्र्जवर रहेंगे। 21 राउंड में मतगणना पूरी होगी। उन्होंने कहा सुरक्षा की व्यापक तैयारी कर ली गई है। स्ट्रांग रूम में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर ली गई है। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरतापूर्वक करने के लिए कहा था।
