
बिलासपुर 25 नवम्बर 2021। प्रदेश के विभिन्न जिलों में चिटफंड कंपनी चला कर जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने वाले दो आरोपियो को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियो की तलाश राज्य के 9 जिलों के पुलिस को थी पर इन्हें पुणे से गिरफ्तार करने में बिलासपुर पुलिस को सफलता मिली है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद चिटफंड कम्पनियों में अपनी गाढ़ी कमाई को खोने वाली जनता की रकम वापसी करवाने के लिये बिलासपुर पुलिस सक्रिय हैं। राज्य के विभिन्न जिलो में बीएन गोल्ड चिटफंड कंपनी ने रकम दुगुनी करने का झांसा दे कर कई लोगो से लगभग 21 करोड़ रुपये ठगी की थी। कम्पनी के विरुद्ध बिलासपुर जिले के तारबहार तखतपुर थाने में धारा 409,420,34 आईपीसी एवम चिटफंड कंपनी पाबंदी अधिनियम की धारा 3,4,5 एवं छतीसगढ़ निक्षेपको के हितों का संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के अतंर्गत अपराध दर्ज किया गया था। अपराध दर्ज होने के बाद से कम्पनी के दो आरोपी अनिल शर्मा व आनंद निर्मलकर कई सालों से फरार चल रहे थे।
पुलिस को जांच में पता चला कि उक्त कम्पनी के खिलाफ बिलासपुर के अलावा कांकेर,महासमुन्द,सरगुजा,मुंगेली,बलौदा बाजार,कोरबा,बेमेतरा,रायपुर, बालोद,जीपीएम जिलों में टोटल 17 अपराध दर्ज है।
आरोपी लम्बे समय से फरार चल रहे थे। चिटफंड के मामलो में फरार चल रहे आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु एसपी दीपक झा ने एडिशनल एसपी ग्रामीण रोहित झा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया हुआ था। बीएनगोल्ड कम्पनी के मामले में फरार आरोपियों के बारे में पतासाजी के दौरान सुराग मिलने पर एसपी दीपक झा व एडिशनल एसपी रोहित झा ने समन्वय बना कर एक टीम आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु पुणे रवाना की। जहां खोजबीन के बाद पुलिसकर्मियों ने दो आरोपी अनिल शर्मा पिता तिलकराम शर्मा तथा आनंद निर्मलकर पिता बद्री प्रसाद निर्मलकर को हिरासत में ले लिया।
रकम वापसी के लिये की जा रही कम्पनी व आरोपीयो की सम्पति की कुर्की:-
जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने वाली कम्पनी से मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार रकम वापसी करवाने की प्रक्रिया में आरोपी आनंद निर्मलकर का पूर्व में पुलिस प्रशासन द्वारा 25 लाख रुपये को सम्पति चिन्हित कर कुर्की के लिये कलेक्टर बिलासपुर व कलेक्टर जांजगीर को पत्राचार किया है।
इसके अलावा बीएन गोल्ड कम्पनी के अचल सम्पतियों के लगभग 25 लाख रुपये के सम्पतियों को चिन्हित कर पुलिस कुर्की की प्रक्रिया कर रही है।पुलिस को जांच में कोरबा में स्थित कम्पनी की लगभग 30 लाख रुपये के मूल्य की अचल सम्पति का पता चला। जिसको कुर्की हेतु प्रतिवेदन कोरबा कलेक्टर को भेजा गया है।
आरोपी अनिल शर्मा की अचल सम्पति ग्राम तारपोंगी तथा रायपुर में भी चिन्हित की गई है,जिसमे भी विधिवत कार्यवाही जारी है। इसके अतिरिक्त भी बिलासपुर पुलिस अन्य सम्पतियों का भी पता लगा रही है।
